
असम के मुख्य सूचना आयुक्त ने दिया इस्तीफा (ANI X- @JAIE_Foundation)
असम के पूर्व पुलिस महानिदेशक (DGP) और मौजूदा मुख्य सूचना आयुक्त (CIC) भास्कर ज्योति महंत ने बुधवार को अपने पद से इस्तीफा दे दिया। यह इस्तीफा सिंगापुर में असम के सुपरस्टार गायक-अभिनेता ज़ुबीन गर्ग (Zubeen Garg) की संदिग्ध मौत के मामले में उनके छोटे भाई श्यामकानू महंत की गिरफ्तारी के बाद आया है। भास्कर ज्योति महंत ने इसे पूरी तरह स्वैच्छिक और नैतिक आधार पर लिया फैसला बताया।
भास्कर ज्योति महंत को 2023 में पुलिस सेवा से रिटायरमेंट के बाद अप्रैल महीने में तीन साल के लिए सीआईसी नियुक्त किया गया था। उन्होंने राजभवन को अपना इस्तीफा सौंप दिया। सूत्रों के अनुसार, मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने हितों के टकराव (कॉन्फ्लिक्ट ऑफ इंटरेस्ट) का हवाला देकर इस्तीफे की सिफारिश की थी, जिसे महंत ने स्वीकार कर लिया।
इंडियन एक्सप्रेस से बातचीत में भास्कर ज्योति महंत ने कहा, “यह फैसला पूरी तरह मेरा अपना था। मैंने पहले ही राज्य के सर्वोच्च कार्यालय को मौखिक रूप से बता दिया था कि अगर ऐसा कुछ हुआ तो मैं इस्तीफा दे दूंगा। इस महीने की 4 तारीख को किसी ने मुझे पत्र लिखकर कहा कि मैंने अपने दायित्व निष्पक्षता से निभाए हैं, लेकिन वे मेरे भाई को सरकारी सहायता के बारे में आरटीआई दाखिल करने जा रहे हैं और मुझसे सहयोग मांग रहे हैं। मैंने सोचा कि पद की गरिमा और लोकतांत्रिक परंपरा को बनाए रखने के लिए किसी भी तरह का दाग नहीं लगना चाहिए। इसलिए नैतिक आधार पर इस्तीफा दे दिया।”
श्यामकानू महंत सिंगापुर में हुए नॉर्थ ईस्ट इंडिया फेस्टिवल के मुख्य आर्गेनाइजर थे। जुबीन गर्ग इस फेस्टिवल में 'सांस्कृतिक ब्रांड एंबेसडर' बनकर गए थे। 19 सितंबर को फेस्टिवल से एक दिन पहले यॉट पार्टी के दौरान समुद्र में स्कूबा डाइविंग के वक्त जुबीन की मौत हो गई। श्यामकानू की इवेंट मैनेजमेंट कंपनी ने दिल्ली, बैंकॉक, हो ची मिन्ह सिटी और सिंगापुर में भारतीय दूतावासों के साथ मिलकर कई फेस्टिवल आयोजित किए हैं। गुवाहाटी का वार्षिक रंगाली फेस्टिवल भी असम पर्यटन विभाग से कई बार सपोर्ट मिला है। जुबीन की मौत के बाद श्यामकानू के सरकारी कनेक्शन जांच के दायरे में आए। पिछले महीने उन्हें गिरफ्तार किया गया और फिलहाल वे बक्सा जेल में बंद हैं।
मामला अभी जांच के दायरे में है। असम पुलिस की एसआईटी और सीआईडी लगातार छापेमारी कर रही है। जुबीन के फैंस न्याय की मांग कर रहे हैं।
Updated on:
06 Nov 2025 02:23 pm
Published on:
06 Nov 2025 02:23 pm
बड़ी खबरें
View Allराष्ट्रीय
ट्रेंडिंग
