
राजस्थान में 78 हजार करोड़ का होगा निवेश, डेढ़ लाख को मिलेगा रोजगार
नई दिल्ली। राजस्थान में विभिन्न उद्यमी करीब 78 हजार करोड़ रुपए का निवेश करने को तैयार है। दिल्ली की एक होटल में बुधवार को इंवेस्ट राजस्थान 2022 के तहत हुए रोड शो में करीब 68,698 करोड़ रुपए के लिए सहमति पत्र (एमओयू) और करीब 10,099 करोड़ रुपए के आशय पत्र (एलओआई) पर हस्ताक्षर किए गए।
दरअसल, राजस्थान में रोजगार के अवसर पैदा करने के लिए निवेश का माहौल बना रही है। इंवेस्ट राजस्थान 2022 से पहले विभिन्न जिलों और राज्यों में 28 और रोड शो आयोजित किए जा रहे हैं। दिल्ली में हुए इस कार्यक्रम में निवेशकों ने राज्य के घीलोठ, भिवाड़ी, नीमराना, जयपुर, उदयपुर, अलवर समेत अन्य जिलों में इकाइयां स्थापित करने में रूचि दिखाई है। इन स्थानों पर रीको की ओर से विशिष्ट सेक्टोरल जोन विकसित किए जा चुके हैं। राजस्थान की उद्योग व वाणिज्य मंत्री शकुंतला रावत ने कहा कि राज्य सरकार ने नीति नियामक तंत्र का सृजन कर औद्योगिक विकास को गति दी है। सरकार की 2019 की प्रोत्साहन योजना, एमइसएमइ अधिनियम, एकल खिडक़ी योजना (सिंगल विंडो सिस्टम) व वन स्टॉप शॉप की पहल ने निवेश की प्रक्रिया को सरल व सहज बनाया है। राजस्थान की प्रमुख आवासीय आयुक्त शुभ्रा सिंह ने कहा कि राजस्थान में खनिज व अन्य प्राकृतिक संपदा भरपूर है। पिछले कुछ वर्षों में राज्य में एक सुदृढ़ नीति व आधारभूत सुविधा तंत्र विकसित किया गया है जो की औद्योगिक विकास का कारक बन गया है। उन्होंने कहा कि इन्वेस्ट राजस्थान रोड शो एक तरह से अनूठा आयोजन है। राजस्थान फाउंडेशन के आयुक्त धीरज श्रीवास्तव, माधव सिंघानियां, मान स्ट्रक्चरल्स के एमडी गौरव रूंगटा, मयंक बंसल, कंवलजीत जावा, संजय साबू ने विचार रखे।
प्रमुख सेक्टर व बड़े निवेश प्रस्ताव
-50,000 करोड़ का निवेश अक्षय ऊर्जा व सोलर मॉड्यूल विनिर्माण के लिए-4250 करोड़ काव निवेश जे. के. लक्ष्मी ने नागौर, उदयपुर व अलवर में सीमेंट उत्पादन व लाइम स्टोन उत्खनन में प्रस्तावित किया है-400 करोड़ का निवेश लेन्सकार्ट का भिवाड़ी में
-294 करोड़ का निवेश डाइकिन एयरकंडिशनिंग का-121.36 करोड़ का निवेश ओकाया ईवी का नीमराना में इलेक्ट्रिक टू-थ्री व्हीलर के उत्पादन व एसेंबलिंग इकाई प्रस्तावित
यह कार्यक्रम मील का पत्थर
इन्वेस्ट राजस्थान-2022 राज्य के विकास व इसकी जनता की समृद्धि के लिए निजी क्षेत्र से दीर्घकालीन भागीदारी स्थापित करने की हमारी प्रतिबद्धता का साकार रूप है। निवेशकों को किए वादों को पूर्ण करने की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर है। मैं आपको राजस्थान में अनेक आकर्षक अवसरों से रूबरू होने व उनसे लाभान्वित होने के लिए आपकी भागीदारी आमंत्रित करता हूं।
अशोक गहलोत, मुख्यमंत्री, राजस्थान (रोड शो में संदेश सुनाया गया।)
Published on:
01 Dec 2021 06:42 pm
बड़ी खबरें
View Allनई दिल्ली
दिल्ली न्यूज़
ट्रेंडिंग
