
Gurugram Murder: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से सटे गुरुग्राम के एक घर में शहनाइयां बजने वाली थीं, सगाई का जश्न जोरों पर था और चारों तरफ रोशनी बिखरी थी। किसी ने सोचा भी नहीं था कि खुशियों वाली यही लाइटें किसी की मौत का कारण बन जाएंगी। महज एक मामूली सी लाइट खराब हुई और दूल्हे का सिर ऐसा चकराया कि उसने 'शगुन' के बदले 'खून' की होली खेल डाली। गांव में हुए इस खौफनाक मंजर ने सबको सुन्न कर दिया है।
गुरुग्राम के रणसीका गांव से एक आंखें खोल देने वाला मामला सामने आया है। रणसीका गांव में सगाई समारोह चल रहा था, साथ ही घर में साज-सजावट भी हो रही थी। तभी दूल्हे को लाइटिंग नहीं पसंद आती है, तो दूल्हा उठता है और इलेक्ट्रिशियन की गोलियां मारकर हत्या कर देता है। देखते ही देखते हंसी-खुशी का यह माहौल कब मातम में बदल जाता है, कुछ पता नहीं चलता। मृतक की पहचान यूपी के मथुरा के रहने वाले 23 साल के बरकत के रूप में बताई जा रही है। बरकत तीन बच्चों का पिता था। खेतीयावास निवासी के श्याम टैंट हाउस के लिए काम करता था।
गुरुग्राम के रणसीका गांव में गुरुवार के दिन का यह मामला है। टैंट हाउस के संचालक विकास ने बताया कि उसने गांव रणसीका में रामानंद के बेटे अमनदीप के सगाई प्रोग्राम में टैंट लगाने का ठेका लिया था। गुरुवार से ही बरकत, मुस्तफा और नूंह का युसूफ लाइटिंग करने में जुटे थे। रात करीब साढ़े नौ बजे सगाई समारोह के दौरान एक एलईडी लाइट में खराबी आ गई जिससे दूल्हा अमनदीप भड़क गया। वह अपने दोस्तों साहिल और हर्ष के साथ आया और मुस्तफा, यूसुफ, और बरकत को गालियां देना शुरू कर दिया। तीनों के साथ मारपीट भी की। बरकत के ससुर हासिम ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया कि थोड़ी देर बाद दूल्हा अमनदीप और उसके साथी हथियार लेकर लौटे। यह देख बरकत, मुस्तफा, और यूसुफ डर के मारे टैंट की तरफ भागने लगे। दूल्हे और उसके साथियों ने फायरिंग कर दी। बरकत गोली लगने से लहूलुहान होकर वहीं गिर गया। इससे समारोह में अफरातफरी मच गई।
सूचना मिलते ही पटौदी थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और घायल बरकत को अस्पताल भेजा, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने बताया कि बरकत को तीन गोलियां लगी थीं। ज्यादा खून बहने की वजह से उसकी मौत हो गई थी। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। बरकत की मौत से उसके परिवार में मातम पसरा है। तीन बच्चों के सिर से पिता का साया उठ गया है। बरकत परिवार का इकलौता कमाने वाला था। उसकी मौत से घर पर मुसीबतों का पहाड़ टूट गया है। परिवार ने सभी आरोपियों की जल्द से जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।
पुलिस अधिकारी संदीप कुमार ने बताया कि अपराध शाखा फर्रुखनगर की पुलिस टीम ने एक आरोपी, हर्ष, निवासी बसई, जिला गुरुग्राम, को अरेस्ट किया है। दूल्हे अमनदीप और उसके दोस्त की गिरफ्तारी के लिए पुलिस दबिश दे रही है और जल्द ही दोनों को पकड़ लिया जाएगा। पुलिस को मामले की जानकारी मृतक बरकत के ससुर ने दी। ससुर की शिकायत पर दूल्हे अमनदीप समेत 3 पर हत्या का केस दर्ज किया है और एक आरोपी, हर्ष, को गिरफ्तार कर लिया है। दूल्हा अमनदीप और उसका दूसरा साथी, साहिल, फरार हैं।
Published on:
13 Feb 2026 06:29 pm
बड़ी खबरें
View Allनई दिल्ली
दिल्ली न्यूज़
ट्रेंडिंग
