13 फ़रवरी 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

‘फिजिक्स वाला’ के शिक्षक पर हमला करना पड़ा भारी, मनसे के 6 कार्यकर्ताओं पर FIR, शिवसेना बोली- जिसे जनता ने नकारा वो…

महाराष्ट्र के नासिक में फिजिक्स वाला कोचिंग सेंटर पर हुए हमले को लेकर पुलिस ने मनसे के 6 कार्यकर्ताओं के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।

2 min read
Google source verification

मुंबई

image

Dinesh Dubey

Feb 13, 2026

MNS Hooliganism Physics Wallah Nashik

नासिक में फिजिक्स वाला के कोचिंग में मनसे की गुंडागर्दी (Photo: x/@JazbaatJunction)

महाराष्ट्र के नासिक में राज ठाकरे की पार्टी महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) के कार्यकर्ताओं ने प्रसिद्ध कोचिंग संस्थान 'फिजिक्स वाला' (Physics Wallah) के कोचिंग सेंटर में एक हिंदी भाषी शिक्षक से मारपीट की। इस मामले में पुलिस ने अब मनसे के 6 कार्यकर्ताओं के खिलाफ केस दर्ज किया है। उधर, एकनाथ शिंदे की शिवसेना ने मनसे पर तंज कसा है और मराठी भाषा के नाम पर हिंसा को गलत ठहराया है।

यह घटना नासिक शहर के शरणपुर रोड स्थित 'फिजिक्स वाला' की शाखा में हुई थी। कुछ स्थानीय छात्रों ने पीड़ित शिक्षक अभिनव कुमार पर मराठी बोलने वाले बच्चों को कथित तौर पर अपमानित करने और हिंदी बोलने के लिए मजबूर करने का आरोप लगाया था। जिसके बाद मनसे के कुछ कार्यकर्ता बुधवार को कोचिंग सेंटर पहुंचे और शिक्षक की पीटाई की।

फिजिक्स वाला के कोचिंग में मनसे की गुंडागर्दी-

अधिकारियों ने बताया कि इस मामले में महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) के छह समर्थकों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। हालांकि इस घटना के सिलसिले में अब तक कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है।

उन्होंने कोचिंग क्लास में घुस कर अभिनव कुमार को थप्पड़ मारा। मनसे कार्यकर्ताओं ने कथित तौर पर मांग की कि नासिक शाखा के सभी हिंदी भाषी शिक्षकों से इस्तीफा लिया जाए, ऐसा नहीं करने पर 'मनसे स्टाइल' (हिंसक विरोध) में कार्रवाई करेंगे।

जिसके बाद कोचिंग क्लास के प्रबंधक यश कुमार त्रिवेदी ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। जिसके बाद सरकारवाड़ा थाने में 6 लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं 115 (2) (हमला), 126 (गलत तरीके से रोकना) और 351 (आपराधिक धमकी) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। आरोपियों को नोटिस जारी कर पूछताछ के लिए बुलाया गया है और मामले की जांच जारी है।

शिंदे सेना बोली- मराठी भाषा के लिए हिंसा गलत

शिवसेना नेता संजय निरुपम ने कहा कि कोचिंग संस्थान में मनसे के कुछ लोगों ने मराठी भाषा के नाम पर तोड़फोड़ की और एक शिक्षक को थप्पड़ भी मारा। पिछले दो-तीन चुनावों में मनसे हारी है, इसलिए हिंसा का रास्ता अपनाया जा रहा है। मराठी भाषा का महाराष्ट्र में सम्मान है, लेकिन गुंडागर्दी नहीं करनी चाहिए। कानून अपने हाथ में लेने का हक किसी को नहीं है।

उन्होंने कहा, फिजिक्स वाला एक बहुत प्रतिष्ठित संस्थान है। यह हमारे मराठी बच्चों को कोचिंग देकर उन्हें आगे लाने और प्रतियोगी परीक्षाओं में हिस्सा लेने में सक्षम बना रहा है। जिन लोगों को महाराष्ट्र की जनता ने नकार दिया है वे ऐसे हमला क्यों कर रहे हैं? मनसे के गुंडों ने मराठी भाषा के नाम पर शिक्षक पर हमला किया। पुलिस को सख्त कार्रवाई करनी चाहिए।