दिल्ली में रविवार को सीजन का सबसे कम न्यूनतम तापमान दर्ज हुआ। दिल्ली के रिज इलाके में न्यूनतम तापमान 3 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। यहां पर अधिकतम तापमान 16.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। वहीं, आया नगर में न्यूनतम तापमान 3.5 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 16.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली और आसपास के इलाकों में अगले दो दिनों तक शीतलहर चलने की संभावना है। साथ ही घना कोहरा भी छा सकता है।
उत्तर भारत के कई इलाकों में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। वहीं, अधिकतम व न्यूनतम तापमान सामान्य से तीन से पांच डिग्राी सेल्सियस भी कम दर्ज हो रहा है। दिल्ली के सफदरजंग स्टेशन में न्यूनतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री सेल्सियस कम के साथ 5.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। वहीं, अधिकतम तापमान सामान्य से पांच डिग्री सेल्सियस कम के साथ 16.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। मौसम विभाग ने दिल्ली और पंजाब को लेकर वार्निंग जारी की है। जिसमें इन दोनों राज्यों में शीतलहर चलने और कोहरा छाने की संभावना जताई गई है। राजस्थान के लिए भी मौसम विभाग ने शीतलहर चलने और कोहरा छाने के लिए अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार 27 दिसंबर से पंजाब, हरियाणा और नॉर्थ राजस्थान में घना कोहरा और बेहद घना कोहरा छाने आशंका जताई है। साथ ही इन राज्यों में अगले दो दिनों तक शीतलहर के चलने की भी संभावना है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार एक नए वेस्टर्न डिस्टरबेंस के प्रभाव से मौसम में इस तरह की स्थिति बनी है। इसकी वजह से रविवार को हिमालय क्षेत्र में बर्फबारी हुई। साथ ही 26 दिसंबर को भी पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी और बारिश होने की संभावना है। वहीं, 29 दिसंबर को एक नया वेस्टर्न डिस्टरबेंस उत्तर भारत में दस्तक देगा।
दिल्ली में हफ्ते भर छाया रहेगा कोहरा
मौसम विभाग ने सोमवार को दिल्ली में घना कोहरा छाने की संभावना जताई है। इस दौरान अधिकतम तापमान 19 डिग्री और न्यूनतम तापमान 4 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। वहीं, रविवार को कोहरा छाने की वजह से तड़के 3.30 बजे पालम एयरपोर्ट पर 300 मीटर विजिबिलिटी दर्ज की गई। रविवार को हवा में नमी का अधिकतम स्तर 97 फीसदी और न्यूनतम स्तर 59 फीसदी दर्ज हुआ। मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली में हफ्ते भर सुबह के वक्त कोहरा छा सकता है। 31 दिसंबर तक इसी तरह से मौसम की स्थिति बनी रह सकती है। इस दौरान 31 दिसंबर तक अधिकतम तापमान 20 से 21 डिग्री और न्यूनतम तापमान 4 से 6 डिग्री सेल्सियस तक रह सकता है।
खराब श्रेणी में दर्ज हुआ प्रदूषण का स्तर
पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय के प्रोजेक्ट सफर (सिस्टम ऑफ एयर क्वॉलिटी एंड वेदर फोरकास्टिंग रिसर्च) के प्रदूषण मॉनिटरिंग स्टेशनों में दिल्ली का पीएम 2.5 का स्तर 112 माइक्रोग्राम क्यूबिक मीटर (एमजीसीएम) दर्ज हुआ। यह खराब श्रेणी में रहा। वहीं, अन्य जगहों पर भी खराब श्रेणी में प्रदूषण का स्तर दर्ज हुआ। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार दिल्ली-एनसीआर के वातावरण में कम गति से हवा चल रही है। हवा में मौजूद नमी, प्रदूषित कणों के साथ मिल रही है और एक जगह पर ठहर रही है। जिससे प्रदूषण का स्तर खराब श्रेणी में दर्ज हो रहा है।