नई दिल्ली

युवा प्रतिभा के बल पर ही देश विश्व गुरु बनेगा: बिरला

- लोकसभा स्पीकर ने उत्तर बंगाल के नौ जिलों की 80 स्कूलों के छात्रों को किया सम्बोधित

2 min read
Feb 25, 2023
युवा प्रतिभा के बल पर ही देश विश्व गुरु बनेगा: बिरला

सिलीगुड़ी। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कहा कि दुनिया के सामने आने वाली चुनौतियां का समाधान युवाओं व छात्रों के साहस और सामर्थ्य से ही निकलेगा और देश युवा प्रतिभाओं के बल पर ही विश्व गुरु बनेगा।

बिरला शनिवार को यहां इंडिया@जी20 कार्यक्रम के तहत उत्तर बंगाल के नौ जिलों से आए करीब 80 स्कूलों के एक हजार से ज्यादा छात्रों को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि युवाओं में सामर्थ्य, उम्मीदें व सपने और उन्हें पूरा करने का संकल्प भी है। देश की शिक्षा नीति नौजवानों की बौद्धिक क्षमता का विकास तो कर ही रही है, इसके साथ-साथ उनकी बहुआयामी प्रगति का पथ भी दिखा रही है।

बिरला ने 'थीम पर्यटन' विषय पर अपने सम्बोधन में कहा कि जब पर्यटन बढ़ता है तो पूंजी निवेश में ज्यादा से ज्यादा रोजगार मिलता है। देश की अर्थव्यवस्था को बल मिलता है। सिलीगुड़ी पश्चिम बंगाल के प्रमुख पर्यटन स्थलों में से एक है। बर्फ से ढके पहाड़ों, वन्य जीवों की विविधता, चाय बागान और प्राकृतिक सुन्दरता से भरपूर दृश्यों के बीच आधुनिक इनफ्रास्ट्रक्चर का विकास उभरते शहर की तस्वीर दिखाता है। सिलीगुड़ी पूर्वोत्तर भारत का प्रवेश द्वार भी है।

देश के बढ़ते पर्यटन प्रोफाइल का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि सरकार के प्रयासों से देश की ग्लोबल टूरिस्ट इंडेक्स रैंकिंग में वृद्धि हुई है। वर्तमान में पुरातात्विक स्मारकों के संरक्षण व पुरावशेषों को पंजीकृत करने पर बल दिया जा रहा है। उन्होंने सुझाव दिया कि हर साल सभी एक बार ऐसी जगह जरूर जाएं, जहां पहले कभी न गए हों। यह सभी के जीवन को एक नए तरह के अनुभवों से भर देगा।

जी-20 की अध्यक्षता गर्व का विषय

बिरला ने कहा कि आजादी के अमृत महोत्सव काल में भारत को मिली जी-20 की अध्यक्षता गर्व का विषय है। भारत को जी-20 की अध्यक्षता मिलना इस बात को दर्शाता है कि वैश्विक मंच पर भारत का महत्व बढ़ा है और देश वैश्विक शक्ति बन कर उभरा है। जी-20 देशों में दुनिया की 60% आबादी, वैश्विक जीडीपी का 85% और वैश्विक व्यापार का 75% हिस्सा है। इस आयोजन की सफलता सभी भारतीयों का दायित्व है।

Published on:
25 Feb 2023 07:53 pm
Also Read
View All

अगली खबर