
गुरुग्राम में पिता से बदला लेने के लिए सात साल के मासूम की हत्या।
Crime: हरियाणा के गुरुग्राम से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। जहां एक 16 साल के नाबालिग ने बदले की भावना में आकर महज सात साल के मासूम की बेरहमी से हत्या कर दी। यह घटना 20 जुलाई को उस समय सामने आई, जब गुरुग्राम स्थित केएमपी एक्सप्रेसवे के नजदीक गांव कलवाड़ी में बच्चे का शव बरामद किया गया। पुलिस ने इस हत्या के आरोप में एक किशोर को गिरफ्तार कर लिया है। जिसने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। हत्या में प्रयुक्त तेजधार कैंची भी बरामद की गई है।
पुलिस जांच में सामने आया है कि करीब दो महीने पहले आरोपी किशोर ने मृतक बच्चे आशीष के पिता का मोबाइल फोन चुरा लिया था। आशीष ने ही यह बात अपने पिता को बताई थी, जिसके बाद आरोपी से फोन बरामद किया गया और उसे सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी पड़ी थी। यह घटना आरोपी को बेहद अपमानजनक लगी और उसने तभी बदला लेने की ठान ली थी। 19 जुलाई को आशीष घर से खेलने के लिए निकला, लेकिन देर शाम तक लौटकर नहीं आया। परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। अगले दिन, 20 जुलाई को बिलासपुर थाना पुलिस को सूचना मिली कि केएमपी एक्सप्रेसवे के पास एक बच्चे का शव पड़ा है।
पुलिस मौके पर पहुंची तो सात साल के आशीष का शव मिला। जिसकी छाती और माथे पर गहरे घाव के निशान थे। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में भी पुष्टि हुई कि उसे धारदार हथियार से वार कर मारा गया था। इसके बाद आशीष के पिता ने पुलिस को शिकायत दी। इसमें उन्होंने बताया कि वे परिवार सहित फतेहपुर गांव में किराए पर रहते हैं। पति-पत्नी दोनों एक कंपनी में काम करते हैं। पीड़ित पिता ने बेटे की हत्या का शक पड़ोसी नाबालिग पर जताते हुए बताया कि करीब दो महीने पहले उनके पड़ोसी नाबालिग ने उनका फोन चुरा लिया था। इस बात की जानकारी उनके बेटे ने उन्हें दी थी। इसपर वह पड़ोसी के पास पहुंचे और शिकायत की। इसके बाद उनका फोन वापस मिल गया और किशोर ने माफी भी मांगी।
शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आसपास के इलाकों से सीसीटीवी फुटेज खंगाले और स्थानीय लोगों से पूछताछ की। जांच में शक की सुई उसी किशोर की ओर गई। जो पहले मोबाइल चोरी के मामले में पकड़ा गया था। जब पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो उसने आशीष की हत्या करना कबूल कर लिया। पुलिस सूत्रों की मानें तो आरोपी किशोर ने बताया कि वह आशीष के पिता से बेहद नाराज था, क्योंकि उसे सबके सामने माफी मांगनी पड़ी थी। इस अपमान का बदला लेने के लिए उसने आशीष को निशाना बनाया। आरोपी ने आशीष को अकेले पाकर उससे बातों में उलझाया और फिर सुनसान स्थान पर ले जाकर उस पर कैंची से कई बार वार कर उसे मौत के घाट उतार दिया।
इस दिल दहला देने वाली घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। ग्रामीणों और आशीष के परिजनों में ग़म और आक्रोश व्याप्त है। परिजनों ने दोषी के खिलाफ कड़ी से कड़ी सजा की मांग की है। पुलिस फिलहाल आरोपी को बाल सुधार गृह भेजने की प्रक्रिया में जुटी है।
Updated on:
22 Jul 2025, 5:35 PM IST
Published on:
22 Jul 2025, 5:35 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.