
दिल्ली: पहाड़गंज में एक शख्स पर अपने भाभी और भतीजे की निर्मम हत्या करने का आरोप, गिरफ्तार
नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में अपराधों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। दिल्ली के पहाड़गंज में एक पारिवारिक विवाद में एक शख्स ने अपने ही भाभी और भतीजे की निर्ममता के साथ हत्या कर दी। आरोपी शख्स ने चाकू से गोदकर दोनों की हत्या कर दी। हालांकि पुलिस ने आरोपी शख्स को गिरफ्तार कर लिया है।
चाकू से किया गया हमला
आपको बता दें कि एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि "आरोपी राजकुमार के छोटे भाई ताराचंद ने गुरुवार तड़के पुलिस को उसकी 55 वर्षीय भाभी कौशल्या और 30 वर्षीय भतीजे पुरुषोत्तम की हत्या के बारे में सूचना दी, जो दिल्ली के पहाड़गंज इलाके में रहते थे।" सूचना मिलते ही फौरन पुलिस की एक टीम घटनास्थल पर पहुंची और उसने वहां पुरुषोत्तम के साथ कौशल्या और उनके बेटे 25 वर्षीय रोहित को घायल पाया। उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां पुरुषोत्तम और कौशल्या को मृत घोषित कर दिया गया। रोहित का इलाज चल रहा है। पुलिस उपायुक्त मंदीप सिंह रंधावा ने कहा कि इन लोगों पर कुदाल और सब्जी काटने वाले चाकू से हमला किया गया।
पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
रंधावा ने कहा, "प्रथमदृष्टया घटना गुरुवार तड़के की लग रही है, जब वे लोग सो रहे थे। पुरुषोत्तम और कौशल्या मकान की पहली मंजिल पर खून से सने बिस्तर पर पड़े हुए पाए गए जबकि रोहित दूसरी मंजिल पर पड़ा हुआ मिला।" उन्होंने कहा कि दोहरे हत्याकांड को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया था, जिसे बाद में गिरफ्तार कर लिया गया। अधिकारी ने कहा, "ताराचंद के बयान के आधार पर राजकुमार के खिलाफ हत्या और हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर लिया गया है।" ताराचंद ने अपने बयान में कहा कि कुछ साल पहले कौशल्या के पति की मौत हुई थी, जिसके बाद राजकुमार अक्सर उनके साथ झगड़ा करता रहता था।
Published on:
16 Aug 2018 07:23 pm
बड़ी खबरें
View Allनई दिल्ली
दिल्ली न्यूज़
ट्रेंडिंग
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
