
स्वदेशी कम्पनी से 500 करोड़ के रेडियो रिले कंटेनर खरीदेगा रक्षा मंत्रालय
नई दिल्ली। आत्म निर्भर भारत अभियान के तहत निजी क्षेत्र में अधिकांश रक्षा उत्पाद निर्माण को बढ़ावा देने की नीति के तहत रक्षा मंत्रालय ने हैदराबाद की एक फर्म के साथ 1035 रेडियो रिले कम्युनिकेशन उपकरण कंटेनर खरीदने का करार किया है। लगभग पांच सौ करोड़ रुपए की लागत के ये रेडियो रिले कंटेनर बाय इंडियन कैटगरी में खरीदे जाएंगे। इसके लिए यहां गुरुवार को एक कार्यक्रम के दौरान रक्षा मंत्रालय व हैदराबाद की कम्पनी आईकॉम टेली लिमिटेड के अधिकारियों ने अनुबंध पत्र पर हस्ताक्षर किए।
रक्षा मंत्रालय की ओर से बताया गया कि खरीदे जा रहे रेडियो रिले कंटेनर भारतीय थल सेना की मोबाइल कम्युनिकेशन डिटैचमेंट की बरसों से लम्बित जरूरत को पूरा करेंगे। इन रेडियो रिले कंटेनर्स का इस्तेमाल संचार उपकरण को विश्वसनीय तरीके से कार्य करने के लिए जरूरी संरक्षित वातावरण प्रदान करने के लिए किया जाता है। ये रेडियो रिले कंटेनर खास किस्म के विशेष वाहनों पर लगाए जाएंगे। इन्हें ऑपरेशनल जरूरतों के हिसाब से आसानी से एक से दूसरे स्थान पर पहुंचाया जा सकेगा।
समझौते के अनुसार कम्पनी इन कंटेनर्स का निर्माण देश में ही बने उपकरणों व सहायक उपकरणों की मदद से करेगी। रक्षा मंत्रालय ने कहा कि इस करार से रक्षा उपकरणों के स्वदेशी निर्माण को और बढ़ावा मिलेगा। साथ ही केंद्र सरकार के आत्मनिर्भर भारत के दृष्टिकोण को साकार करने में निजी क्षेत्र की भागीदारी बढ़ाने के प्रयासों को भी प्रोत्साहन मिल सकेगा। ऐसे अत्याधुनिक उपकरणों के स्वदेशी उत्पादन से सेना की जरूरत पूरी होने के साथ ये मित्र देशों को निर्यात भी किए जा सकेंगे।
Published on:
15 Jun 2023 09:50 pm
बड़ी खबरें
View Allनई दिल्ली
दिल्ली न्यूज़
ट्रेंडिंग
