
बारिश व आंधी में खतरे की आशंका
छतरपुर। शहर में घरों की छत पर से होकर निकले बिजली की हाईवोल्टेज लाइनें लोगों के लिए खतरा बनी हैं। इससे सहमे लोग छत पर जाने से डर रहे हैं। लोग घरों से होकर निकली बिजली लाइनों को हटाने के लिए कई बार बिजली कंपनी के अधिकारियों से शिकायतें कर चुके हैं। फिर भी लाइने नहीं हटाई गई हैं।
शहर के सटई रोड स्थित गल्ला मंड़ी के पीछे, शांतिनगर कॉलोनी, बजरंग नगर, छत्रसाल नगर सहित कई नई कालोनियों में तो कई घरों से होकर हाईवोल्टेज की लाइनें निकली हुई हैं। घरों के आस-पास से यहां तक कि 33 केवी लाइन के तार घरों की छत से 5 से 8 फीट की ऊंचाई से गुजरे हैं, कई जगह तो 33 केवी और 400 केवी की बिजली की लाइनों के बीच अंतर काफी कम रह गया है। बिजली लाइन घरों के ऊपर से निकलने के कारण मकानों का निर्माण कार्य भी नहीं हो पा रहा है।
देखा जाए तो शहर में बिजली कंपनी ने हर तरफ तारों का जाल फैला रखा है। घरों से सटाकर खंभे भी लगाए गए हैं और घरों की छत के ऊपर से बिजली लाइन डालकर सप्लाई दी जा रही है। एक खंभे से करीब 20 घरों को मीटर कनेक्शन दिए गए है। इससे इन खंभों पर तारों का जाल फैला हुआ है। इतना ही नहीं इन खंभों पर तारों में कई जगहों पर जोड़ हैं, जिससे हल्की सी हवा चलने पर अकसर शॉर्ट सर्किट हो जाता है। वहीं पेड़ों में उलझे तारों से बार-बार फाल्ट भी होते रहते हैं।
शांतिनगर कालोनी और परवारी मुहल्ले में छतों के पास से निकले तारों में करंट के कारण हुई दर्दनाक मौतों को लोग भूले नहीं हैं। इसी कारण लोग अपनी छतों पर जाने से डर रहे हैं। लोगों का कहना है कि सड़क पर आवागमन के दौरान या घरों की छतों पर काम करते समय बिजली के तारों के संपर्क में आकर अनहोनी का खतरा बराबर बना रहता है। कभी भी किसी बड़ी दुर्घटना से इंकार नहीं किया जा सकता है। कंपनी के जिम्मेदार लोग इस ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं।
Published on:
29 Aug 2021 06:31 pm
बड़ी खबरें
View Allछतरपुर
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
