9 फ़रवरी 2026,

सोमवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

अहमदाबाद: मनपा के फायर व इमरजेंसी सर्विस के नौ अधिकारी बर्खास्त

मनपा आयुक्त के निर्णय से मची खलबली, अधिकारियों पर फर्जी स्पोंसरशिप से डिग्री लेने का आरोप, विजिलेंस जांच रिपोर्ट के बाद कार्रवाई

2 min read
Google source verification

File photo

अहमदाबाद महानगरपालिका (मनपा) के फायर एंड इमरजेंसी सर्विस में सेवारत नौ अधिकारियों को नौकरी से बर्खास्त कर दिया है। इन अधिकारियों पर फर्जी स्पोंसरशिप के जरिए डिग्री पाने और उसके आधार पर नौकरी प्राप्त करने का आरोप है। एक साथ नौ अधिकारियों को नौकरी से निकाले जाने से खलबली मच गई है। महानगरपालिका आयुक्त एम.थेन्नारसन ने गुरुवार को इन अधिकारियों को बर्खास्त करने के आदेश जारी किए हैं।मनपा आयुक्त ने सभी नौ अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस देकर जवाब देने के लिए 10 दिन का समय दिया था, लेकिन उचित जवाब नहीं दे पाने के चलते इन्हें गुरुवार को नौकरी से टर्मिनेट करने का आदेश जारी कर दिया।आरोप है कि अलग-अलग कंपनियों की फर्जी स्पोंसरशिप के माध्यम से गलत तरीके से इन लोगों ने शैक्षणिक योग्यता हासिल की थी। इस संबंध में मिली शिकायत पर मनपा ने विजिलेंस व विभागीय जांच कराई। इस जांच रिपोर्ट में आरोपों की पुष्टि होने के बाद मनपा की ओर से टर्मिनेट करने का कदम उठाया गया है।

सेवा से बर्खास्त किए गए अधिकारियों में प्रोबेशनर डिवीजनल फायर ऑफिसर कैजाद दस्तूर, ओम जाड़ेजा, इनायत शेख, प्रोबेशनर सहायक फायर स्टेशन ऑफिसर अनिरुद्ध सिंह गढवी, मेहुल गढवी, अभिजीत गढवी, शुभम खडिया, सुधीर गढवी और प्रोबेशनर सहायक सब फायर ऑफिसर आसिफ शेख शामिल हैं।

बर्खास्त किए अधिकारियों पर हैं यह आरोप-

प्रोबेशनर सहायक सब फायर ऑफिसर आसिफ शेख व सहायक स्टेशन फायर ऑफिसर सुधीर गढवी पर आरोप है कि इन्होंने बिहार के माधेपुर स्थित निजी कंपनी से फर्जी स्पोंसरशिप के माध्यम से एनएफएससी, नागपुर में प्रवेश पाकर सब फायर ऑफिसर का प्रमाणपत्र हासिल किया। इसके जरिए एएमसी में नौकरी पाई।

प्रोबेशनर सहायक फायर स्टेशन ऑफिसर शुभम खडिया, अभिजीत गढवी , मेहुल गढ़वी और अनिरुद्धसिंह गढ़वी पर आरोप है कि इन्होंने नई दिल्ली स्थित सेंट्रल पब्लिक वर्क्स डिपार्टमेंट से फर्जी स्पोंसरशिप के माध्यम से एनएफएससी, नागपुर में प्रवेश पाकर सब ऑफिसर का प्रमाणपत्र पाया और उससे एएमसी में नौकरी पाई।प्रोबेशनर डिवीजनल फायर ऑफिसर इनायत शेख तथा ओम जाड़ेजा पर आरोप है कि इन्होंने गुजरात सिविल डिफेंस अहमदाबाद की फर्जी स्पोंसरशिप के माध्यम से एनएफएससी नागपुर में प्रवेश पाकर उप फायर ऑफिसर का प्रमाणपत्र पाया और अन्य संस्थाओं में नियुक्ति पाई। इसके बाद अनुभव के आधार पर अहमदाबाद मनपा के फायर विभाग में नौकरी हासिल की।

प्रोबेशनर डिवीजनल फायर ऑफिसर के रूप में कार्यरत कैजाद दस्तूर पर आरोप है कि उन्होंने एनएफएससी नागपुर में सब फायर ऑफिसर कोर्स, स्टेशन ऑफिसर, इंस्ट्रेक्टर्स कोर्स तथा डिवीजनल ऑफिसर्स कोर्स में प्रवेश पाने का पर्याप्त समय का अनुभव लिए बिना ही अयोग्य तरीके से प्रवेश लिया और फिर उस प्रमाण पत्र के आधार पर अहमदाबाद मनपा फायर विभाग में नौकरी हासिल की।