22 अगस्त 2026,

शनिवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

जब बचपन से पहले आ जाए माहवारी, उन बच्चियों की कहानी, जिनका शरीर उम्र से बड़ा हो गया, पेरेंट्स क्या करें?

Early Periods in Girls: खिलौनों से खेलने की उम्र में पीरियड्स का दर्द, दुनिया भर में बढ़ती चिंता, इसके पीछे क्या है कारण और माता-पिता क्या कर सकते हैं?
4 min read
Google source verification

भारत

image

Sanjana Kumar

Aug 22, 2026

early periods in girls childhood

early periods in girls childhood: बचपन से पहले पीरियड का दर्द? क्या है पेरेंट्स की जिम्मेदारीय़ (AI Creative)

Early Periods in Girls: जिस उम्र में बच्चियां गुड़िया से खेलती हैं, स्कूल की पहली दोस्तियां बनाती हैं और अपने शरीर में होने वाले बदलावों को समझना शुरू भी नहीं करतीं, उसी उम्र में अगर पीरियड्स शुरू हो जाएं तो यह सिर्फ़ एक मेडिकल बदलाव नहीं होता। यह डर, शर्म, सवाल और कई बार अकेलेपन की शुरुआत भी हो सकती है।

मेडिकल जगत का सबसे कम उम्र का दर्ज मामला

मेडिकल की दुनिया में दर्ज सबसे कम उम्र का मामला एक ऐसी बच्ची का है जिसे सिर्फ 2 साल की उम्र में योनि से रक्तस्राव (vaginal bleeding) की शिकायत लेकर अस्पताल लाया गया था। जांच में उसमें स्तन विकास और जननांग बाल (pubic hair), दोनों पहले से मौजूद पाए गए और हार्मोन टेस्ट में DHEA का स्तर बढ़ा हुआ मिला। स्कैन में उसकी एड्रिनल ग्लैंड में एक 5 सेंटीमीटर से बड़ी गांठ (adrenal adenoma) पाई गई, जो हार्मोन बनाकर उसके शरीर को समय से पहले बड़ा कर रही थी।

डॉक्टरों ने इसे मेडिकल जर्नल में सबसे कम उम्र में दर्ज प्रीकोशियस प्यूबर्टी का मामला बताया। इससे भी पुराना एक मामला 1983 में जर्नल पीडियाट्रिक्स में दर्ज है, जहां एक 2 साल की बच्ची में माहवारी असल में सिर्फ 6 महीने की उम्र में ही शुरू हो गई थी। यह अब तक की सबसे कम उम्र मानी जाती है।

ऐसे मामले बेहद दुर्लभ हैं, लेकिन यह दिखाते हैं कि कभी-कभी शरीर के अंदर छिपी कोई गांठ या हार्मोनल गड़बड़ी इतनी जल्दी असर दिखा सकती है कि माता-पिता को भी समझ नहीं आता कि हुआ क्या।

असल में सही उम्र क्या है?

डॉक्टर्स के मुताबिक़, लड़कियों में 8 साल की उम्र से पहले स्तन विकास या दूसरे यौवन-संकेत (puberty signs) दिखना ही प्रीकोशियस प्यूबर्टी (precocious puberty) कहलाता है। पहली माहवारी आम तौर पर यौवन शुरू होने के करीब 2-3 साल बाद आती है। दुनिया भर में पहली माहवारी की औसत उम्र करीब 12 साल है, हालांकि यह पिछले दशकों में लगातार घट रही है। वहीं सामान्य तौर पर 9 से 14 साल के बीच माहवारी शुरू होना पूरी तरह सामान्य माना जाता है, 8 साल की उम्र में शुरू होना भी अब भी सामान्य की सीमा में ही गिना जाता है।

भारत में उत्तर भारत की लड़कियों पर हुए एक अध्ययन के मुताबिक़, औसत उम्र फ़िलहाल 13.13 साल है और हर दशक में यह औसतन करीब 0.41 साल घट रही है।

सेंट्रल प्रीकोशियस प्यूबर्टी (CPP)- यानी दिमाग से जुड़े हार्मोन सिग्नल का समय से पहले सक्रिय होना है। यह हर 5,000 से 10,000 बच्चों में से एक में पाया जाता है और लड़कियों में यह लड़कों की तुलना में 3 से 23 गुना ज्यादा आम है।

यानी हर बच्ची जिसे जल्दी पीरियड आए, वह बीमार नहीं होती। लेकिन अगर संकेत 8 साल से पहले दिखें, बहुत तेजी से बढ़ें या बच्चे की ग्रोथ पैटर्न अचानक बदल जाए, तो डॉक्टर की सलाह जरूरी हो जाती है।

इतनी जल्दी पीरियड क्यों शुरू होते हैं?

ज्यादा वजन और हार्मोनल बदलाव

बचपन में मोटापे (obesity) का संबंध जल्दी यौवन से पाया गया है, क्योंकि शरीर की चर्बी हार्मोनल सिग्नलिंग को प्रभावित कर सकती है। लेकिन हर मोटी बच्ची को जल्दी पीरियड नहीं आते।

पारिवारिक इतिहास

अगर मां या परिवार की अन्य महिलाओं में यौवन जल्दी शुरू हुआ था, तो बच्ची में भी यह जल्दी आ सकता है। इसमें genetics की भूमिका होती है।

दिमाग से जुड़े संकेतों का जल्दी सक्रिय होना

कुछ बच्चों में मस्तिष्क से reproductive hormones का सिग्नल तय समय से पहले सक्रिय हो जाता है। बहुत कम मामलों में brain tumor, संक्रमण या अन्य न्यूरोलॉजिकल समस्या इसकी वजह हो सकती है।

हार्मोन बनाने वाली ग्रंथियों की समस्या

एड्रिनल ग्लैंड, ओवरी या अन्य endocrine अंगों से जुड़े डिस्ऑर्डर भी यौवन जल्दी शुरू कर सकते हैं। कभी-कभी बाहर से इस्तेमाल होने वाली हार्मोनल क्रीम या दवाओं के संपर्क में आने से भी बच्चा प्रभावित हो सकता है। इसलिए डॉक्टर की सलाह के बिना ऐसे प्रोडक्ट बच्चों के आसपास इस्तेमाल करना उचित नहीं।

दर्द सिर्फ शरीर में नहीं होता

जल्दी पीरियड्स का सबसे कठिन हिस्सा अक्सर ब्लीडिंग नहीं, बल्कि बच्ची का मानसिक अनुभव होता है। स्कूल में शर्मिंदगी, मजाक उड़ाए जाने का डर और शरीर तेजी से बदलने पर भी भावनात्मक रूप से अब भी बच्ची होने का भ्रम। कुछ में क्रेम्प्स, सिर दर्द, मूड स्विंग्स और थकान भी साथ आते हैं। वहीं, जल्दी यौवन शुरू होने से शुरुआत में हाइट तेजी से बढ़ती है, लेकिन ग्रोथ प्लेट्स भी जल्दी मैच्योर हो जाती हैं, जिससे फाइनल अडल्ट हाइट पर असर पड़ सकता है।

क्या इलाज संभव है?

हां, लेकिन हर बच्ची को इलाज की जरूरत नहीं होती। पहला कदम pediatric endocrinologist से जांच है। हाइट, ग्रोथ वेलोसिटी, हार्मोन टेस्ट, बोन एज एक्स रे जैसी जांचे जरूरी हो जाती हैं। अगर सेंट्रल प्रीशियस प्यूबेरिटी की पुष्टि हो और यह बहुत तेजी से बढ़ रही हो, तो 'GnRH analogue therapy' के जरिए इसे अस्थायी रूप से धीमा किया जा सकता है। फैसला उम्र, गति, कारण और बच्चे की समग्र स्थिति पर निर्भर करता है।

माता-पिता क्या कर सकते हैं?

  • डरने या शर्मिंदा करने के बजाय बात करें
  • बच्ची को यह महसूस न हो कि उसके शरीर में कुछ गलत हो रहा है
  • उम्र के अनुसार पहले से समझाएं
  • सेनेटरी प्रोडक्ट इस्तेमाल करना सिखाएं
  • संतुलित भोजन और नींद पर ध्यान दें
  • बिना डॉक्टर की सलाह हॉर्मोन वाली दवाओं का इस्तेमाल न करें
  • 8 साल से पहले कोई संकेत दिखें तो जांच में देरी न करें

बचपन वापस नहीं रोका जा सकता, लेकिन डर जरूर रोका जा सकता है। जिस बच्ची को खिलौनों की उम्र में पहला पीरियड आए, उसे सिर्फ एक पेड नहीं, जानकारी, सुरक्षा और यह भरोसा चाहिए कि उसके शरीर में हो रहा बदलाव उसे अकेला नहीं बनाता।