
चेचट. बोरीना के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में शनिवार को प्रवेशोत्सव कार्यक्रम के तहत भव्य रैली और सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत प्रातः 9 बजे एक जागरूकता रैली से हुई, जिसमें विद्यालय के सभी कक्षाओं के विद्यार्थियों सहित पिछले सत्र के मेधावी छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। यह रैली विद्यालय परिसर से प्रारंभ होकर गांव के मुख्य मार्गों से गुजरी। जहां विद्यार्थी शिक्षा और प्रवेश से संबंधित नारों की तख्तियां लेकर उत्साहपूर्वक नारे लगाते हुए चल रहे थे।
प्रतिभाओं का सम्मान और प्रेरणा
रैली के पश्चात विद्यालय प्रांगण में एक सभा आयोजित की गई। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भारतीय सेना लेफ्टिनेंट शुभम मेहरा थे। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रधानाचार्य रामचरण मकवाना ने की, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में रामदयाल गुर्जर और शम्भूदयाल योगी उपस्थित रहे। मुख्य अतिथि लेफ्टिनेंट शुभम मेहरा ने विद्यार्थियों को अनुशासन में रहकर कठिन परिश्रम के माध्यम से लक्ष्य प्राप्त करने का प्रेरणादायी संदेश दिया। प्रधानाचार्य मकवाना ने बताया कि शुभम मेहरा क्षेत्र की एक अद्भुत प्रतिभा हैं, जिन्होंने चेचट तहसील के छोटे से गाँव मोतीपुरा से निकलकर और हिंदी माध्यम से 12वीं उत्तीर्ण कर एनडीए जैसी कठिन परीक्षा पास की। महाराष्ट्र के खड़गवासला में तीन वर्ष की कठिन ट्रेनिंग के बाद वे वर्तमान में राष्ट्रीय राइफल्स (जम्मू कश्मीर) में लेफ्टिनेंट के पद पर तैनात हैं। विशेष बात यह है कि शुभम मेहरा सत्र 2020-21 में मकवाना के विद्यार्थी रहे हैं।
मेधावी छात्र हुए पुरस्कृत
समारोह के दौरान शैक्षणिक उत्कृष्टता प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों का अभिनंदन किया गया। उच्च माध्यमिक परीक्षा कला संकाय में ब्लॉक खेराबाद के टॉपर छात्र सुनील गुर्जर (94.80%) सहित प्रथम श्रेणी से उत्तीर्ण सभी 17 विद्यार्थियों का तिलक लगाकर और माल्यार्पण कर स्वागत किया गया। माध्यमिक परीक्षा में विद्यालय में प्रथम तीन स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थी विशाल, प्रीति कुमारी और दुर्गेश कुमार का भी विशेष अभिनंदन किया गया। प्रधानाचार्य ने एक सैन्य अधिकारी की उपस्थिति को विद्यालय और ग्राम पंचायत क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक और गौरवपूर्ण क्षण बताया। कार्यक्रम का सफल संचालन शरीफ खान वरिष्ठ अध्यापक द्वारा किया गया।
Published on:
04 Apr 2026 05:49 pm
बड़ी खबरें
View Allसमाचार
ट्रेंडिंग
