
फोटो पत्रिका नेटवर्क
दौसा। राष्ट्रीय राजमार्ग पर सिकंदरा थाना क्षेत्र के रेटा बस स्टैंड के समीप राहुल पेट्रोल पंप के पास रविवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य घायल हो गए। सभी युवक मेहंदीपुर बालाजी मंदिर में दर्शन कर हनुमानगढ़ लौट रहे थे। हादसा जयपुर-आगरा नेशनल हाईवे-21 पर रेटा गांव के पास हुआ। अचानक सामने आए बाइक सवार को बचाने की कोशिश में स्कॉर्पियो बेकाबू हो गई और 4 बार पलटते हुए खाई में गिर गई।
जानकारी के अनुसार एसयूवी सवार सभी युवक मेहंदीपुर बालाजी के दर्शन कर लौट रहे थे। इसी दौरान हाईवे पर रेटा गांव के पास अचानक सामने आए एक बाइक सवार को बचाने की कोशिश में एसयूवी का संतुलन अचानक बिगड़ गया, जिससे वाहन कई बार पलटता हुआ सड़क किनारे खाई में जा गिरा। कार के परखच्चे उड़ गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। पीछे चल रहे साथियों ने तीन घायलों को अपनी कार से जिला अस्पताल पहुंचाया, जबकि अन्य तीन घायलों को 108 एंबुलेंस की सहायता से अस्पताल भिजवाया गया।
जिला अस्पताल में उपचार के दौरान चिकित्सकों ने राजपाल पुत्र जोगाराम मेघवाल (20) निवासी बालोतरा को मृत घोषित कर दिया। वहीं मुकुंद पुत्र सतीश कुमार, शाहिल पुत्र सुरेंद्र कुमार, रोहित पुत्र कुलदीप, करण पुत्र सतीश कुमार (सभी निवासी हनुमानगढ़) तथा शिवलाल पुत्र प्रेमचंद निवासी मध्यप्रदेश घायल हो गए। करण सिंह गंभीर रूप से घायल होने के कारण प्राथमिक उपचार के बाद एसएमएस अस्पताल जयपुर रेफर किया गया। पुलिस ने मृतक के शव को मोर्चरी में रखवाकर परिजनों को सूचना दी। परिजनों के पहुंचने पर पोस्टमार्टम कर शव उन्हें सौंप दिया गया।
हादसे की पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। फुटेज में एसयूवी गेंद की तरह पलटती हुई खाई में गिरती नजर आ रही है। वीडियो देखने वाले लोग भी हादसे की भयावहता देखकर सिहर उठे।
उधर, सिकंदरा थाना क्षेत्र के बहरावंडा कस्बे में शनिवार देर रात तहसील भवन जाने वाले मार्ग पर सड़क किनारे एक युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। मृतक की पहचान बहरावंडा निवासी देवेंद्र डाकोत (30) के रूप में होने पर परिजनों को सूचना दी गई, जिसके बाद पूरे कस्बे में शोक की लहर दौड़ गई। सिकंदरा थानाधिकारी अशोक कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला किसी अज्ञात वाहन की टक्कर का प्रतीत हो रहा है। घटनास्थल और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया है।
Published on:
31 May 2026 06:50 pm
बड़ी खबरें
View Allदौसा
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
