
नुकसान का जायजा लेते विधायक व इनसाइट में मृतक घनश्याम मीना (फोटो-पत्रिका)
दौसा। जिले में लालसोट क्षेत्र के रायमलपुरा गांव में शुक्रवार को आए तेज अंधड़ ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। टीन शेड उड़ने और कच्ची दीवार ढहने से घनश्याम मीना की मौत हो गई, जबकि उनका पुत्र अभिषेक गंभीर रूप से घायल हो गया। इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है। घनश्याम परिवार के इकलौते कमाने वाले सदस्य होने के साथ-साथ छह बहनों के अकेले भाई भी थे।
जानकारी के अनुसार घनश्याम मीना के पिता गौतम मीना का करीब डेढ़ वर्ष पहले निधन हो चुका था। पिता की मौत के बाद परिवार की जिम्मेदारी घनश्याम के कंधों पर आ गई थी। आर्थिक तंगी के चलते वह रोजगार की तलाश में श्रीलंका भी गए थे, लेकिन बाद में गांव लौटकर खेती-बाड़ी के जरिए परिवार का भरण-पोषण कर रहे थे।
शुक्रवार को गांव में आयोजित एक धार्मिक कार्यक्रम के दौरान घनश्याम भोजन वितरण की व्यवस्था में लगे हुए थे। इसी बीच मौसम अचानक खराब हो गया और तेज अंधड़ शुरू हो गया। इसके बाद वह अपने घर लौट आए। घर पहुंचने के कुछ ही देर बाद तेज हवाओं के कारण टीन शेड उखड़ गया और उससे जुड़ी कच्ची दीवार भरभराकर गिर पड़ी। दीवार और टीन शेड के मलबे के नीचे घनश्याम और उनका पुत्र अभिषेक दब गए।
घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने तत्काल राहत कार्य शुरू किया और दोनों को मलबे से बाहर निकाला। उन्हें इलाज के लिए लालसोट अस्पताल ले जाया गया, लेकिन रास्ते में भी परेशानियों का सामना करना पड़ा। अंधड़ के कारण कई जगह पेड़ गिरने से सड़कें अवरुद्ध हो गई थीं, जिससे अस्पताल पहुंचने में एक घंटे से अधिक समय लग गया। अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने घनश्याम को मृत घोषित कर दिया, जबकि अभिषेक का उपचार जारी है।
शनिवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। गांव में शव पहुंचते ही शोक की लहर दौड़ गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। ग्रामीणों ने परिवार को हरसंभव सहयोग का भरोसा दिया।
इधर, विधायक रामबिलास मीना ने अंधड़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर नुकसान का जायजा लिया और पीड़ित परिवारों को सरकारी सहायता दिलाने का आश्वासन दिया। उन्होंने प्रशासन को तत्काल सर्वे कर राहत पहुंचाने के निर्देश भी दिए। साथ ही मौसम विभाग की चेतावनी को देखते हुए लोगों से सतर्क रहने की अपील की।
Published on:
30 May 2026 08:22 pm
बड़ी खबरें
View Allदौसा
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
