
आयुष विभाग द्वारा वरिष्ठ नागरिकों के लिए निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण एवं आयुर्वेद शिविर आयोजित
उज्जैन, संचालनालय आयुष मध्य प्रदेश शासन भोपाल के निर्देशानुसार जिला आयुष कार्यालय उज्जैन द्वारा वरिष्ठ नागरिकों के लिए निःशुल्कहॉलिस्टिक वेल-बीइंग कार्यक्रम के अंतर्गत आयुर्वेद चिकित्सा शिविर एवं स्वास्थ्य परीक्षण का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान धन्वंतरि के पूजन-अर्चन एवं दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। इस अवसर पर उपस्थित अतिथियों ने आयुष पद्धति के माध्यम से स्वस्थ एवं सक्रिय जीवनशैली अपनाने पर जोर दिया।
शिविर में पेंशनर्स एसोसिएशन के सदस्यों सहित बड़ी संख्या में वरिष्ठ नागरिकों का विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा विस्तृत स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। रोगानुसारनिःशुल्क आयुर्वेदिक औषधियों का वितरण किया गया तथा संतुलित आहार, नियमित दिनचर्या एवं प्राकृतिक उपचार पद्धतियों के संबंध में आवश्यक परामर्श प्रदान किया गया। इसके साथ ही योगाभ्यास सत्र का आयोजन कर प्रतिभागियों को शारीरिक सुदृढ़ता, मानसिक संतुलन एवं सकारात्मक जीवन दृष्टिकोण के लिए मार्गदर्शन दिया गया। चिकित्सकों ने वृद्धावस्था में रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने एवं तनाव प्रबंधन के उपायों पर भी विशेष जानकारी दी।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में अशोक दूबे (अध्यक्ष, प्रमुख पेंशनर्स एसोसिएशन) उपस्थित रहे तथा विशेष अतिथि के रूप में श्री चंद्रशेखर जोशी शामिल हुए। शिविर की अध्यक्षता जिला आयुष अधिकारी डॉ. मनीषा पाठक द्वारा की गई, जबकि आभार प्रदर्शन डॉ. लोकेंद्र सूर्यवंशी ने किया। शिविर प्रभारी डॉ. विशाल सोलंकी एवं चिकित्सा दल के सहयोग से कार्यक्रम का सफल संचालन किया गया। आयोजकों के अनुसार शिविर में लगभग 104 वरिष्ठ नागरिकों ने स्वास्थ्य लाभ प्राप्त किया। यह पहल वरिष्ठ नागरिकों के समग्र शारीरिक, मानसिक एवं बौद्धिक विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम सिद्ध हुई।
Updated on:
27 Feb 2026 07:10 pm
Published on:
27 Feb 2026 07:10 pm
