17 अप्रैल 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

झाबुआ में अमानवीयता की हद, महिला को ‘कबीलाई सजा’

पति को कंधे पर बैठाकर घुमाया, सिर मूंडकर पीटा, वीडियो वायरल

2 min read
Google source verification
mumbai ahmedabad highway 6 dead bodies found in 16 days vasai virar crime news

पत्रिका फोटो

झाबुआ. जिले के काकनवानी थाना क्षेत्र के ग्राम बालवासा में मानवता को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है, जहां एक महिला को कथित ‘कबीलाई सजा’ दी गई। पति और ससुराल पक्ष के लोगों ने महिला के साथ न केवल मारपीट की, बल्कि उसे अपमानित करते हुए उसके कंधे पर उसके पति को बैठाकर गांव में घुमाया और सिर मूंड दिया। घटना का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस हरकत में आई और मामले में त्वरित कार्रवाई की गई। पीडि़ता के अनुसार, उसकी शादी करीब 12 वर्ष पहले बालवासा निवासी दिलीप भूरिया से हुई थी और उसके दो बच्चे हैं। ससुराल में लगातार प्रताडऩा से परेशान होकर वह कुछ दिन पहले अपनी मर्जी से दूसरे व्यक्ति के साथ चली गई थी। बाद में समाज की बैठक में उसे वापस पति के पास भेज दिया गया।

वापसी के बाद दी गई क्रूर सजा

पीडि़ता ने बताया कि वापस आने के बाद पति दिलीप, ससुर बाबू भूरिया और अन्य परिजनों ने मिलकर रात में उसके साथ मारपीट की। उसे मजबूर किया गया कि वह अपने पति को कंधे पर बैठाकर गांव में घुमाए। इस दौरान आरोपियों ने लाठियों से उसकी पिटाई की, जिससे उसके शरीर पर कई चोटें आईं। इसके बाद उसके बाल काट दिए गए और कपड़े फाडकऱ उसे सार्वजनिक रूप से अपमानित किया गया। साथ ही जान से मारने की धमकी भी दी गई।

वीडियो वायरल होते ही हरकत में आई पुलिस

घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला पुलिस तक पहुंचा। एसपी डॉ. शिवदयाल सिंह ने तत्काल संज्ञान लेते हुए कार्रवाई के निर्देश दिए। काकनवानी थाना पुलिस ने 11 नामजद आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज किया है।

चार आरोपी गिरफ्तार, अन्य की तलाश जारी

पुलिस ने मामले में मुख्य आरोपी पति दिलीप भूरिया, ससुर बाबू भूरिया सहित शैलेष भूरिया और सूर्या डामोर को गिरफ्तार कर लिया है। अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार दबिश दे रही है।

अमानवीय कृत्य बर्दाश्त नहीं, सख्त कार्रवाई के निर्देश

एसपी डॉ. शिवदयाल सिंह ने कहा कि महिला के साथ हुई यह घटना अत्यंत निंदनीय है और समाज में इस प्रकार की बर्बरता का कोई स्थान नहीं है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है और शेष आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए गए हैं।

वर्जन…
ग्राम बालवासा में महिला के साथ हुई अमानवीय घटना अत्यंत निंदनीय है। पुलिस ने पीडि़ता की शिकायत पर पति, ससुर सहित अन्य आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, बाकी की तलाश जारी है। ऐसे कृत्य किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे।

  • डॉ शिवदयाल सिंह, पुलिस अधीक्षक झाबुआ