
chhatarpur youth slits wrist at sp office (Patrika.com)
Youth slits wrist at SP Office: मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले के एसपी ऑफिस में उस समय हड़कंप मच गया जब एक युवक ने अपने हाथ की नस काटने की कोशिश की। युवक ने पुलिस पर मामला दर्ज करने का लगाया आरोप लगाया और आत्महत्या करने की कोशिश की। पुलिस अधीक्षक कार्यालय परिसर में मौजूद पुलिसकर्मियों ने तत्काल उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज जारी है। युवक की पहचान शिव प्रसाद के रूप में हुई है। घटना की जानकारी मिलते ही तहसीलदार शशांक जैन जिला अस्पताल पहुंचे और घायल के कथन दर्ज किए। प्रशासन एवं पुलिस द्वारा पूरे मामले की जांच की जा रही है।
अस्पताल में उपचार के दौरान शिव प्रसाद ने आरोप लगाया कि पुलिस द्वारा उस पर फर्जी मामला दर्ज किया गया है, जिससे वह लंबे समय से मानसिक रूप से परेशान था। उसका कहना है कि इसी तनाव के चलते उसने यह कदम उठाया। युवक ने यह भी आरोप लगाया कि पुलिस उसके घर पहुंची और परिवार के साथ अभद्र व्यवहार किया।
शिव प्रसाद ने बताया कि वह मानसिक स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से भी जूझ रहा है और उसका इलाज चल रहा है। उसने कहा कि परिवार लगातार परेशानियों का सामना कर रहा है। युवक का यह भी कहना है कि वह विभिन्न मामलों में बरी हो चुका है, इसके बावजूद पुलिस सत्यापन नहीं मिल रहा है, जबकि इस संबंध में वह कई बार आवेदन दे चुका है।
प्राथमिक जांच में युवक के हाथों पर ब्लेड से कटने के पुराने निशान भी पाए गए हैं। इससे आशंका जताई जा रही है कि वह पूर्व में भी स्वयं को नुकसान पहुंचाने जैसी घटनाओं को अंजाम दे चुका है। फिलहाल प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा युवक के आरोपों और घटना की परिस्थितियों की जांच की जा रही है।
बताया जा रहा है कि युवक के खिलाफ पूर्व में नौगांव न्यायालय परिसर में न्यायाधीश पर हमला करने की कोशिश और पुलिसकर्मियों से मारपीट का मामला दर्ज है। घटना में कुछ पुलिसकर्मी घायल भी हुए थे। हालांकि, पुलिस ने इस मामले की पुष्टि नहीं की है।
एसपी ने बताया कि संबंधित प्रकरण न्यायालय कर्मचारियों की शिकायत पर दर्ज किया गया था, पुलिस इसमें शिकायतकर्ता नहीं है। युवक द्वारा लगाए गए आरोपों और पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है। पुलिस युवक की मानसिक स्थिति और मामले की पृष्ठभूमि की भी पड़ताल कर रही है।
Published on:
01 Jun 2026 09:29 pm
बड़ी खबरें
View Allछतरपुर
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
