22 दिसंबर 2025,

सोमवार

Patrika LogoSwitch to English
home_icon

मेरी खबर

icon

प्लस

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

तमिलनाडु से मुरुगन को दूसरी बार केंद्रीय मंत्रिमंडल में जगह

L Murugan (MoS)

3 min read
Google source verification
L Murugan

चेन्नई. तमिलनाडु से एल.मुरुगन को केंद्रीय मंत्रिमंडल में दूसरी बार शामिल किया गया है। ऐसे कयास लगाए जा रहे थे कि मंत्रिमंडल में अन्नामलै जैसे राज्य के नए चेहरों को शामिल किया जा सकता है लेकिन ऐसा नहीं हुआ। पार्टी ने एल मुरुगन को दुबारा मंत्री बनाया है।

हाल ही सम्पन्न लोकसभा चुनाव में एल. मुरुगन (47) तमिलनाडु के नीलगिरी निर्वाचन क्षेत्र (अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित) में दूसरे स्थान पर रहे, जहां वे डीएमके के ए राजा से हार गए। पिछली कैबिनेट में मुरुगन केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण और मत्स्य पालन, पशुपालन और डेयरी राज्य मंत्री थे। जुलाई 2021 में फेरबदल के दौरान मुरुगन मोदी के मंत्रिमंडल में शामिल हुए। फरवरी में वे राज्यसभा के लिए भाजपा सांसद के रूप में निर्विरोध चुने गए। मार्च 2020 में मुरुगन को भाजपा की तमिलनाडु इकाई का अध्यक्ष बनाया गया। 2021 का विधानसभा चुनाव उनके नेतृत्व में लड़ा गया था जब भाजपा और अन्नाद्रमुक सहयोगी थे।

मुरुगन ने हिंदू वोटों को एकजुट करने के लिए विधानसभा चुनाव से पहले तमिलनाडु में भगवा पार्टी की वेत्री वेल यात्रा का नेतृत्व किया। हालांकि यात्रा को ठंडी प्रतिक्रिया मिली, लेकिन भाजपा ने राज्य में 20 में से चार सीटें जीतकर 20 साल बाद तमिलनाडु विधानसभा में प्रवेश किया। लेकिन मुरुगन उस चुनाव में डीएमके के एन कयालविजी सेल्वाराज से एक हजार से ज्यादा वोटों के मामूली अंतर से हार गए थे। उन्होंने 2011 का विधानसभा चुनाव लड़ा और हार गए। इसके अलावा 2012 में एक उपचुनाव, 2021 का विधानसभा चुनाव और 2024 का लोकसभा चुनाव हार गए।

पीएम मोदी के शपथ ग्रहण में शामिल हुए रजनीकांत

चेन्नई. दिग्गज अभिनेता रजनीकांत रविवार को राष्ट्रपति भवन में प्रधानमंत्री पद के लिए मनोनीत नरेंद्र मोदी के शपथ ग्रहण समारोह में भाग लिया। चेन्नई से नई दिल्ली के लिए निकलने से पहले मीडिया में अपने विचार व्यक्त करते हुए रजनीकांत ने मोदी के प्रधानमंत्री के रूप में तीसरे कार्यकाल के लिए पदभार ग्रहण करने को एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर और एक जीवंत लोकतंत्र का सकारात्मक संकेत बताया। रजनीकांत ने प्रधानमंत्री के रूप में मोदी के लगातार तीसरे कार्यकाल के ऐतिहासिक महत्व को रेखांकित किया और इसकी तुलना जवाहरलाल नेहरू के कार्यकाल से की। उन्होंने एक मजबूत विपक्ष के महत्व पर जोर दिया और कहा हाल के चुनाव में एक मजबूत विपक्ष का चुनाव हुआ है, जो उनका मानना है एक स्वस्थ लोकतांत्रिक प्रक्रिया में योगदान देगा।

मुरुगन को भाजपा के 2021 के प्रदर्शन के बाद कैबिनेट में जगह मिली। उनके बाद पूर्व आईपीएस अधिकारी के अन्नामलै भाजपा प्रमुख बने। मुरुगन और अन्नामलै तमिलनाडु में मोदी के सभी रोड शो और जनसभाओं में उनके साथ रहे हैं। मुरुगन राज्य में भाजपा इकाई का दलित चेहरा हैं। मोदी ने फरवरी में तमिलनाडु में कहा था एल. मुरुगन तमिलनाडु की धरती के बेटे हैं। वे राज्य से नहीं जीते, लेकिन हमने तमिलनाडु के दलित बेटे को मंत्रालय में गौरवपूर्ण स्थान दिया है और उन्हें हिंदी भाषी मध्य प्रदेश से राज्यसभा भेजा है। मोदी ने जनवरी की शुरुआत में मुरुगन के दिल्ली स्थित आवास पर तमिलनाडु में फसल उत्सव पोंगल मनाया था।

नामाक्कल जिले में तेलुगु भाषी किसान माता-पिता के घर जन्मे मुरुगन अरुणथियार समुदाय से आते हैं। एक छात्र के रूप में वे अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के लिए काम कर रहे थे। उन्होंने चेन्नई के डॉ अंबेडकर लॉ कॉलेज से कानून में स्नातक की डिग्री पूरी की और मद्रास उच्च न्यायालय में वकालत करते रहे हैं। वे 2017 से 2020 तक राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग के उपाध्यक्ष भी रहे।