
पश्चिम बंगाल की घटना के विरोध में डॉक्टरों ने की 1 घंटे की सांकेतिक हड़ताल, स्वास्थ्य सेवाएं रहीं प्रभावित
कटनी. पश्चिम बंगाल में डॉक्टर के साथ रेप और हत्या की सनसनीखेज वारदात से जिले के स्वास्थ्य विभाग में भारी आक्रोश देखा जा रहा है। शुक्रवार को इंडियन मेडिकल एसोसिएशन, मध्य प्रदेश ऑफिसर्स एसोसिएशन के आवाहन पर जिला अस्पताल में 1 घंटे की सांकेतिक हड़ताल की गई। इसके अलावा जिलेभर में यही असर रहा। दोपहर 12 बजे से लेकर 1 बजे तक सांकेतिक हड़ताल की गई। इस दौरान डॉक्टर आउटडोर कार्य से विरत रहे। इस दौरान उन्होंने ना तो मरीजों को देखा और ना ही कोई उपचार दिया। इस दौरान जिला अस्पताल की स्वास्थ्य व्यवस्थाओं पर विपरीत असर पड़ा, हालांकि आकस्मिक चिकित्सा जारी रही। इस दौरान आकस्मिक कक्ष, वार्ड ड्यूटी और ऑपरेशन थिएटर की ड्यूटी डॉक्टर ने की है। जब ओपीडी में ज्यादा मरीजों की संख्या बढ़ गई तो सिविल सर्जन डॉ. यशवंत वर्मा ने मरीजों की समस्या को देखते हुए 1 घंटे से अधिक समय तक बैठकर के मरीजों को जांच कर दवाएं लिखी। हालांकि इस दौरान मरीजों व उनके परिजनों को समस्या का सामना करना पड़ा।
यह रखी मांग, आज फिर हड़ताल
इंडियन मेडिकल एसोसिएशन व मध्य प्रदेश ऑफिसर्स एसोसिएशन के आवाहन पर की गई 1 घंटे की सांकेतिक हड़ताल के दौरान डॉक्टर ने यह मांग रखी है कि डॉक्टर के साथ रेप करने वाले व आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी हो और उन पर कठोर कार्रवाई हो ताकि इस तरह की घटना की पुनरावृत्ति ना हो। ऐसी सजा मिले जिससे कोई भी दरिंदा ऐसा करने के लिए कभी न सोचे। इस संबंध में सिविल सर्जन डॉ. यशवंत वर्मा ने कहा कि अभी सिर्फ क घंटे की सांकेतिक हड़ताल थी। आईएमए के आवाहन पर आगे का निर्णय लिया जाएगा। वहीं इंडियन मेडिकल एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. वाय सुब्बा राव ने बताया कि घटना के विरोध में 17 अगस्त को सुबह 6 बजे से 18 अगस्त की सुबह 6 बजे तक हड़ताल रहेगा। यह सरकारी सहित निजी स्वास्थ्य केंद्रों में हड़ताल रहेगी। सिविल सर्जन डॉ. यशवंत वर्मा ने कहा कि शनिवार को इमरजेंसी सेवाएं चालू रहेंगी।
भाजपा महिला मोर्चा ने निकाला मौन कैंडल जुलूस
शहर में भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा ने कोलकाता में डॉक्टर के साथ हुई हैवानियत के बाद हत्या के मामले में दोषियों को बचाने का आरोप लगाते पश्चिम बंगाल की सरकार, मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के खिलाफ मौन कैंडल जुलूस निकाला। इस जुलूस में बड़ी संख्या में महिला मोर्चा एवं भाजपा कार्यकर्ता, पदाधिकारी मौजूद थे। इस मौके पर भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक सोनी टण्डन ने कहा कि जिस राज्य की मुख्यमंत्री महिला हैं वही एक महिला के साथ घटी जघन्य वारदात के आरोपियों को बचाने में जुटी है। यह न सिर्फ सम्पूर्ण डॉक्टर्स वरन महिलाओं का अपमान है इसी को लेकर आज भाजपा महिला मोर्चा ने पूरे प्रदेश में मौन कैंडल मार्च निकाला। महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष सीमा जैन सोगानी ने कहा कि महिलाओं के साथ बंगाल में लगातार अत्याचार हो रहे है पहले सन्देशखाली की घटना और अब शासकीय मेडिकल कॉलेज में डॉक्टर के साथ घटी वारदात से महिलाओं में आक्रोश है। प्रदर्शन में शामिल महापौर प्रीति सूरी ने कहा कि डॉक्टर के साथ जो अमानवीय कृत्य हुआ उसकी हम घोर निंदनीय है। जिला उपाध्यक्ष अंकिता तिवारी ने कहा कि जिस राज्य की सीएम महिला हो वहां ही महिलाओं पर सबसे ज्यादा अत्याचार हो रहे हैं यह दुर्भाग्य पूर्ण है, ममता बैनर्जी को तुरन्त स्तीफा दे देना चाहिए। रेलवे स्टेशन से प्रारंभ कैंडल मार्च शहर के मुख्य मार्गों से होता हुआ सुभाष चौक में सम्पन्न हुआ। जिसमें राष्ट्रपति के नाम एसडीएम प्रदीप मिश्रा को ज्ञापन सौंपा। इस दौरान प्रदेश कार्यसमिति सदस्य रामरतन पायल, पीताम्बर टोपनानी, शशांक श्रीवास्तव, निगमाध्यक्ष मनीष पाठक, जिला महामंत्री सुनील उपाध्याय, पिछड़ा वर्ग मोर्चा प्रदेश उपाध्यक्ष सुरेश सोनी, वरिष्ठ नेता भंवर सिंह, जिला उपाध्यक्ष रवि खरे, जिला मंत्री आशीष गुप्ता सहित बड़ी संख्या में भाजपाई मौजूद रहे।
Updated on:
17 Aug 2024 09:30 pm
Published on:
17 Aug 2024 09:29 pm
बड़ी खबरें
View Allसमाचार
ट्रेंडिंग
