
इंदौर. मध्यप्रदेश में भी निर्वाच आयोग के निर्देश पर पोस्टल वोटों से मतगणना की शुरुआत हुई है। प्रदेश में मालवा-निमाड़ में दोपहर 12 बजे तक आए रूझान में भाजपा कमाल कर रही है। इस क्षेत्र की सभी 8 सीटों पर भाजपा के प्रत्याशियों ने अपनी बढ़त बना ली है, हालांकि अभी मतगणना का दौर आधा सफर ही पूरा कर पाया है, लेकिन ज्यादातर सीटों पर भाजपा ने अच्छी बढ़त कायम कर ली है।
सबसे अहम इंदौर लोकसभा सीट पर भाजपा के शंकर लालवानी 8 लाख से ज्यादा मतों से आगे चल रहे हैं। यहां कांग्रेस की ओर कोई प्रत्याशी नहीं है, नोटा को अब तक के संसदीय इतिहास में सबसे ज्यादा वोट मिलते नजर आ रहे हैं। वहीं, इसी क्षेत्र की खरगोन, खंडवा, उज्जैन, रतलाम, मंदसौर, देवास और धार सीटों पर भी दोपहर तक भाजपा प्रत्याशी बढ़त हासिल कर आगे चल रहे हैं। दोपहर २ बजे तक परिणाम आ सकते हैं। वहीं, इंदौर में नोटा ने पूरे देश का रेकॉर्ड तोड़ दिया है। दोपहर 12.55 बजे तक 1 लाख 71 हजार से ज्यादा वोट मिल चुके हैं। अब तक यह रेकॉर्ड बिहार की गोपालगंज सीट के नाम पर था। बताया जा रहा है कि वहां वर्ष 2019 के लोकसभा चुनाव के दौरान देश में सबसे ज्यादा 51 हजार 600 वोट मिले थे। दूसरे नंबर पर बिहार की ही पश्चिमी चंपारण की सीट रही थी, जहां 45 हजार 637 वोट नोटा को मिले थे। तीसरे नंबर पर छत्तीसगढ़ के बस्तर की लोकसभा सीट रही थी, जहां 41 हजार 667 वोट नोटा के खाते मेंं दर्ज किए गए थे। वहीं, दोपहर 12 बजे तक भाजपा प्रत्याशी शंकर लालवानी 8 लाख वोटों से ज्यादा से आगे चल रहे हैं। जबकि नोटा को 1 लाख 71 हजार से ज्यादा वोट मिल चुके हैं। तीसरे नंबर पर बसपा प्रत्याशी संजय सोलंकी हैं। उन्हें 18 से ज्यादा वोट मिले हैं। मालूम हो कि इंदौर लोकसभा सीट पर लोकसभा चुनाव 2024 के लिए कांग्रेस प्रत्याशी नहीं है। कांग्रेस से मैदान में आने वाले अक्षय कांति बम ने नामांकन वापसी के दिन अपना नाम वापस ले लिया था, इसके बाद कांग्रेस ने चुनाव में नोटा को वोट देने की अपील की थी। हालांकि इंदौर लोकसभा के लिए करीब 14 प्रत्याशी मैदान में हैं।
मध्यप्रदेश के मालवांचल में भाजपा एक बार फिर वर्ष 2019 का परिणाम दोहराती नजर आ रही है। इस क्षेत्र की इंदौर सहित पांच अन्य सीटों पर भाजपा को बढ़त मिली हुई है। यहां उज्जैन मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और मंदसौर उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा के गृहनगर वाली सीट है, जहां भाजपा को लीड मिली हुई है। इंदौर की सीट पर भी सबकी नजर थी, यहां भाजपा एकतरफा बढ़त में है।
पश्चिमी और पूर्वी निमाड़ की २ सीट खरगोन और खंडवा लोकसभा का परिणाम भी भाजपा के पक्ष मेंं जाता नजर आ रहा है। खरगोन सीट पर भाजपा लगातार जीत रही है तो खंडवा में भी वर्ष २०१९ की तरह परिणाम पार्टी के पक्ष में नजर आ रहे हैं। दोनों सीट भाजपा के पास थी।
Updated on:
4 Jun 2024, 1:07 PM IST
Published on:
4 Jun 2024, 1:07 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.