
एसआई भर्ती परीक्षा में जूते-चुन्नी और गहने उतरवाए, 1 मिनट की देरी पर भी नो एंट्री
राजस्थान लोक सेवा आयोग की ओर से आयोजित एसआई और प्लाटून कमांडर संयुक्त प्रतियोगी परीक्षा-2025 रविवार को भीलवाड़ा जिले में भारी सुरक्षा और कड़े पहरे के बीच शुरू हुई। दो दिवसीय परीक्षा के पहले दिन प्रशासन की सख्ती देखने को मिली। नकल रोकने के लिए जहां एक ओर परीक्षार्थियों के जूते, चुन्नी और ज्वैलरी तक उतरवा लिए गए, वहीं दूसरी ओर समय की पाबंदी ने कई युवाओं के खाकी पहनने के सपने को परीक्षा केंद्र के बाहर ही तोड़ दिया।
परीक्षा के दौरान समय की पाबंदी का विशेष ध्यान रखा गया। प्रवेश का समय समाप्त होते ही केंद्रों के मुख्य द्वार बंद कर दिए गए। इसका खमियाजा उन अभ्यर्थियों को भुगतना पड़ा जो महज एक मिनट की देरी से पहुंचे थे। परीक्षा केंद्रों के बाहर अभ्यर्थी हाथ जोड़ते और मिन्नतें करते नजर आए, लेकिन प्रवेश नहीं दिया गया। पूरी सघन जांच के बाद ही अभ्यर्थियों को कक्ष के भीतर जाने दिया गया। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सोमवार को भी परीक्षा के दौरान यही सख्ती और नियम लागू रहेंगे।
जिले में शांतिपूर्ण परीक्षा के लिए 25 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इनमें 15 सरकारी और 10 गैर सरकारी शिक्षण संस्थानों पर परीक्षा संचालित की जा रही है। सभी केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात थे। जांच की प्रक्रिया बेहद सख्त रखी गई है। प्रवेश पत्र के साथ फोटो का मिलान किया, ताकि किसी भी तरह के डमी केंडिडेट की संभावना को खत्म किया जा सके। नकल रोकने के लिए प्रशासन ने बेहद कड़े नियम लागू किए हैं। एक अभ्यर्थी पूरी बांह की शर्ट पहनकर पहुंचा, तो पुलिसकर्मियों ने कैंची से उसकी शर्ट की आस्तीन काटने के बाद प्रवेश दिया। कानों की बालियां, गले की चेन और हाथों में बंधे कलावा (धागे) तक काट दिए।
गौरतलब है कि वर्ष 2021 की एसआई भर्ती परीक्षा पेपर लीक और नकल के मामलों के चलते रद्द कर दी गई थी। ऐसे में इस बार परीक्षा को पारदर्शिता और सख्ती के साथ आयोजित किया जा रहा है, ताकि किसी भी प्रकार की गड़बड़ी की संभावना न रहे।
एक नज़र उपस्थिति के आंकड़ों पर
Published on:
06 Apr 2026 08:42 am
बड़ी खबरें
View Allभीलवाड़ा
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
