भीलवाड़ा। कांग्रेस संगठन में महिलाओं की सहभागिता को और मजबूत करने के लिए प्रदेश में जिला महिला कांग्रेस इकाई का पुर्नगठन जल्द होगा। इसी प्रकार सदस्यता अभियान को भी गति दी जाएगी। प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष सारिका सिंह ने सोमवार को सर्किट हाउस में पत्रकारों से यह बात कही।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस के प्रति महिलाओं में उत्साह बढ़ा है और सदस्यता अभियान के दौरान महज छह से सात माह में पांच लाख महिला सदस्यता ग्रहण कर चुकी है। कांग्रेस में आर्थिक, सामाजिक एवं राजनीतिक रूप से महिला सशक्तिकरण के लिए ही सदस्यता शुल्क सौ रुपए रखा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में डबल इंजन की सरकार रोज महिलाओं को अपमानित करने की बात करती है। बच्ची से लेकर वृद्ध महिला तक प्रदेश में सुरक्षित महसूस नहीं कर रही। सरकार इनकी सुरक्षा के लिए कोई प्रयास नहीं कर रही है।
उन्होंने घरेलू गैस सिलेंडर, पेट्रोल-डीजल के दामों में केन्द्र सरकार की बढ़ोत्तरी पर चिंता जताई। इसे लेकर प्रदेश में महिला कांग्रेस जिला स्तर पर विरोध कर रही है। पंचायत राज व नगरीय विकास में 33 फीसदी महिला आरक्षण के सवाल पर उन्होंने कहा कि महिला आरक्षण के मामले में कांग्रेस का चाल, चेहरा व चरित्र भाजपा के समान नहीं है। हम जो कहते है वह करते है। उन्होंने इशारों-इशारों में बीजेपी की महिला नेता की अफसरशाही की व्यवस्था पर पीड़ा पर सवाल उठाया कहा कि प्रदेश में प्रशासन तंत्र और सरकार का एक्शन प्लान फेल है। वर्ष -2028 में जनता पूरा जवाब देगी। इस दौरान महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष रेखा हिरण व पूर्व सभापति मधु जाजू आदि मौजूद रहे।