
अस्पताल के निरीक्षण में बच्चे को दुलारते हुए कलेक्टर।
To provide relief to patients नरसिंहपुर. जिला अस्पताल में गर्मी के दौरान मरीजों को राहत देने एवं वार्डो में कूलर-पंखों की कमी पूर्ति के लिए अस्पताल प्रबंधन 15 कूलर व 30 पंखे खरीदेगा। बुधवार को कलेक्टर रजनी सिंह ने रोगी कल्याण समिति की बैठक में इसकी स्वीकृति दी है। साथ ही व्यवस्थाओं में सुधार के लिए कई और प्रस्तावों को अनुमोदित किया है। पत्रिका ने बीते 29 मार्च को ही अस्पताल मेंं गर्मी से मरीज बेहाल, स्टोर से नहीं निकल रहे कूलर, कई पंखे बेकार हेडिंग के साथ व्यवस्थाओं को उजागर किया था। जिसके बाद प्रबंधन ने जहां कूलरों का सुधार कार्य शुरू कराया वहीं बैठक में भी अस्पताल की व्यवस्थाओं से जुड़े प्रस्तावों को अनुमोदित किया गया।
बैठक में कलेक्टर ने जिला अस्पताल के लिए दो लिफ्ट के रखरखाव, लेबर रूम हेतु एक एयर प्यूरीफायर, ब्लड बैंक के लिए 2 लाख रुपए की लागत से 50 केव्हीए का स्टेबलाइजर, वार्डों हेतु चार मल्टी पैरामीटर मॉनिटर और मॉर्चुरी व पीएम हाउस का अपग्रेडेशन जैसे प्रस्तावों को अनुमोदित किया। एक पुराने डीप फ्रीजर की मरम्मत और एक नया खरीदने, साथ ही विभिन्न वार्डों के लिए 15 कूलर व 30 पंखे खरीदने की स्वीकृति भी दी। राज्य मद से आवंटन न होने पर आयुष्मान मद से प्रतिमाह 70 रुपए तक की स्टेशनरी क्रय करने की भी अनुमति मिली।
10 बिस्तरीय नशा मुक्ति केंद्र खुलेगा
कलेक्टर ने बकाया किराया जमा न करने पर शॉपिंग कॉम्प्लेक्स की दुकान नंबर 3 और 4 को रिक्त कराने के निर्देश दिए। बैठक में माह अक्टूबर 2025 से मार्च 2026 तक का आय-व्यय अनुमोदित हुआ और 10 बिस्तरीय नशामुक्ति केन्द्र हेतु स्थल चयन के निर्देश दिए गए। बैठक में विधायक तेंदूखेड़ा विश्वनाथ सिंह पटेल, सीएमएचओ डॉ. मनीष मिश्रा, सिविल सर्जन डॉ. आरके चौधरी, आरएमओ डॉ. राहुल नेमा, डॉ. ऋचा मिश्रा, ब्लड बैंक प्रभारी डॉ. स्वाति मीणा, पैथोलॉजिस्ट डॉ. प्रियंका नेमा, डॉ. राजेन्द्र डेहरिया सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।
जल्द करें रैन बसेरा का कार्य ताकि मिले सुविधा
बैठक के बाद कलेक्टर रजनी सिंह ने जिला अस्पताल का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने वार्डो, यूनिटों सहित रैन बसेरा निर्माण कार्य और पार्किंग व सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। रैन बसेरा भवन निर्माण गुणवत्ता के साथ समय पर पूरा करने के निर्देश दिए ताकि मरीजों के परिजनों को सुविधा मिल सके। उन्होंने भर्ती मरीजों से सीधे संवाद कर उपचार, सुविधाओं और स्टाफ के व्यवहार की जानकारी ली। कलेक्टर ने साफ-सफाई, पेयजल आपूर्ति दुरुस्त रखने और मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने को सर्वोच्च प्राथमिकता बताया।
Published on:
09 Apr 2026 12:55 pm
बड़ी खबरें
View Allनरसिंहपुर
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
