29 मार्च 2026,

रविवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

जलदाय विभाग के अफसरों की ‘होशियारी’, एडीएम को वहां ले गए, जहां पानी का संकट कम

शहर में पानी की प्रतिदिन मांग 95 एमएलडी, मिल रहा 45 एमएलडी अलकापुरी, कर्मचारी कॉलोनी, वीर सावरकर नगर, शिवाजी पार्क सेक्टर 4 और साउथ वेस्ट ब्लॉक में पहुंची टीम आखिरकार वही हुआ। तापमान में उछाल के साथ जैसे ही शहर व जिले में पानी का संकट गहराया, तो जलदाय विभाग के अफसरों की नींद खुल […]

2 min read
Google source verification

अलवर

image

jitendra kumar

Mar 29, 2026

शहर में पानी की प्रतिदिन मांग 95 एमएलडी, मिल रहा 45 एमएलडी

अलकापुरी, कर्मचारी कॉलोनी, वीर सावरकर नगर, शिवाजी पार्क सेक्टर 4 और साउथ वेस्ट ब्लॉक में पहुंची टीम

आखिरकार वही हुआ। तापमान में उछाल के साथ जैसे ही शहर व जिले में पानी का संकट गहराया, तो जलदाय विभाग के अफसरों की नींद खुल गई। कलक्टर डॉ.आर्तिका शुक्ला ने निर्देश दिए थे कि जिन क्षेत्रों में पानी की समस्या ज्यादा है, वहां जाकर लोगाें से बात करें, उनकी शिकायतें सुनें और फीडबैक लेकर समस्या का तत्काल समाधान करें, लेकिन जलदाय विभाग के अफसरों ने शहर के उन इलाकों को चुना, जहां अपेक्षाकृत पानी का संकट कम है। वे उन इलाकों में नहीं पहुंचे, जहां हर साल लोग गर्मी के मौसम में पेयजल संकट का सामना करते हैं। एडीएम सिटी बीना महावर को उन्हीं जगहों पर ले जाया गया, जहां पानी की आपूर्ति व्यवस्था ठीक थी। इस टीम ने अलकापुरी, कर्मचारी कॉलोनी, वीर सावरकर नगर, शिवाजी पार्क सेक्टर 4 और साउथ वेस्ट ब्लॉक का दौरा किया। इन इलाकों में पानी की ज्यादा किल्लत नजर नहीं आई। जबकि शहर में ऐसी कई कॉलोनियां हैं, जहां दो से चार दिनों में एक बार पानी की सप्लाई हो रही है, वो भी नाममात्र की। इस दौरान तहसीलदार रश्मी शर्मा, अधीक्षण अभियंता रमेश सैनी व संजय सिंह, सहायक अभियंता जितेन्द्र कुमार, पवन जांगिड़, कनिष्ठ अभियंता शालू सैनी आदि मौजूद रहे। उल्लेखनीय है कि जलदाय विभाग को रोज 45 एमएलडी पानी की आपूर्ति हो रही है, जबकि रोज शहर की 95 एमएलडी पानी खपत है।

यहां दर्ज करा सकते हैं शिकायत

जिला प्रशासन ने ‘अलवर वाटर मॉनिटरिंग सिस्टम पोर्टल‘ लॉन्च किया है, जिस पर आमजन पेयजल संबंधी समस्याएं दर्ज करा सकते हैं।

- शहर की पेयजल संबंधी शिकायतों के त्वरित निराकरण के लिए मिनी सचिवालय के कमरा नंबर 108 में वॉर रूम स्थापित किया गया है जिसके दूरभाष नम्बर 0144-2338000 पर शिकायत कर सकते हैं

- जलदाय विभाग के कंट्रोल रूम नंबर 01442337900 पर भी आमजन पेयजल संबंधी शिकायतें दर्ज करा सकते हैं। - इनके अलावा राजस्थान सम्पर्क पोर्टल भी शिकायत दर्ज करा सकते हैं

ये हैं कलक्टर के निर्देश

- जलदाय विभाग के अधिकारी संपर्क पोर्टल, कंट्रोल रूम एवं अन्य किसी भी माध्यम से मिली पानी की समस्या से संबंधित शिकायतों का 24 घंटे में समाधान करें

-विधायक निधि से स्वीकृत 3.87 करोड रुपए की लागत से 31 नए ट्यूबवेलों काम तत्काल शुरू करें

- वर्तमान में चल रही पानी को लेकर चल रही योजनाओं को 15 दिन में पूरा करें

- जल जीवन मिशन के काम 30 अप्रेल तक शत-प्रतिशत पूरा करें।

यहां 30 साल से बोरिंग का खारा पानी पी रहे लोग

शहर के वार्ड 15 स्थित केडलगंज बड़ा कटला क्षेत्र के लोग पिछले करीब 30 साल से खारा पानी पी रहे हैं। अधिकतर घरों में बोरिंग का खारा पानी ही उपयोग में लिया जा रहा है। लोगों का कहना है कि पानी की समस्या को लेकर कई बार शिकायतें की गईं, लेकिन कोई समाधान नहीं हुआ। लोगों ने अब शिकायत करना ही छोड़ दिया है। गर्मियों में खारे पानी के लिए भी इंतजार करना पड़ता है। वर्षों से खारा पानी पीने के कारण लोगों में बीमारियां बढ़ रही हैं।