मोहनलाल सुखाड़िया विश्वविद्यालय की अकादमिक काउंसिल (एकेडमिक काउंसिल) की बैठक में सोमवार को इंडिनयन नॉलेज सिस्टम (आइकेएस) के तहत तीन नए विषय शुरू किए जाने पर सहमति बनी। हालांकि इसके लिए पहले नई फैकल्टी बनाने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। उसके बाद इसके तहत वैदिक हिंदू स्टडी, ज्योतिष एवं वास्तु शास्त्र का अध्यापन शुरू करवाया जाएगा। बैठक कुलपति प्रो. सुनीता मिश्रा की अध्यक्षता में हुई।विश्वविद्यालय प्रवक्ता डॉ. कुंजन आचार्य ने बताया कि बैठक में विश्वविद्यालय के वार्षिक अकादमिक और परीक्षा कैलेंडर को स्वीकृति दी गई। इसके तहत सालभर के अकादमी आयोजन और परीक्षाओं का कैलेंडर तैयार किया गया है। जिससे विश्वविद्यालय के अकादमिक कार्य नियमित रूप से संचालित हो सकेंगे। परिषद में यह निर्णय किया कि अब पीएचडी के लिए किसी भी व्यक्ति को 6 साल से अधिक कार्य विस्तार की अनुमति नहीं दी जाएगी। छात्राओं के लिए 8 साल की अनुमति पूर्ववत जारी रहेगी। वहीं कोई भी कर्मचारी या शिक्षक एकेडमिक लीव, प्रिविलेज लीव या ड्यूटी लीव के लिए आवेदन करेगा तो उसे रजिस्ट्रार से स्वीकृत कराना होगा। एकेडमिक लीव से लौटने के बाद इसकी संक्षिप्त रिपोर्ट सक्षम अधिकारी को प्रस्तुत करनी होगी। विश्वविद्यालय की ओर से हर विभाग को कार्यशालाएं, फैकल्टी डेवलपमेंट कार्यक्रम या सेमिनार करने के लिए 50 हजार रुपए की मदद दी जाएगी। जिसके लिए हर साल दिसंबर माह में एक सूची बनाकर वेबसाइट पर लगा दी जाएगी। बैठक का संचालन कुल सचिव डॉ. वीसी गर्ग ने किया।