
विद्यालय परिसर में अमर क्रांतिकारी को भावभीनी श्रद्धांजलि
उज्जैन. अक्षत इंटरनेशनल स्कूल परिसर में माँ भारती के वीर सपूत एवं अमर क्रांतिकारी चंद्रशेखर आज़ाद की पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत उनके चित्र पर पुष्पमाला अर्पित कर की गई। विद्यालय के शिक्षकगण एवं विद्यार्थियों ने राष्ट्रभक्ति के नारों के साथ उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित की। वातावरण देशभक्ति और सम्मान की भावना से ओत-प्रोत रहा।
सभा को संबोधित करते हुए विद्यालय निदेशक राहुल पंडया ने कहा कि चंद्रशेखर आज़ाद ने अपने जीवन के अंतिम क्षण तक अंग्रेजी शासन के सामने आत्मसमर्पण नहीं किया। उनका अद्वितीय साहस, त्याग और राष्ट्रप्रेम भारतीय इतिहास में स्वर्ण अक्षरों में अंकित है। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे आज़ाद के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाते हुए देशहित और समाज सेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता दें। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने क्रांतिकारी के जीवन प्रसंगों को साझा करते हुए उनके संघर्षपूर्ण जीवन से प्रेरणा लेने का संकल्प लिया। “दुश्मन की गोलियों का हम सामना करेंगे, आज़ाद ही रहे हैं, आज़ाद ही रहेंगे” के उद्घोष ने सभा को भावविभोर कर दिया।
इस अवसर पर शैक्षणिक निदेशिका सरोज वागले, उप-प्राचार्या पल्लवी दिवाकर एवं समन्वयक अश्विन चौकाड़े, वैशाली पारनेरकर सहित समस्त शिक्षकगण एवं छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में राष्ट्रभक्ति, साहस और कर्तव्यनिष्ठा की भावना का विकास करना था। सी.सी.ओ. राखी मेहता ने जानकारी देते हुए बताया कि विद्यालय समय-समय पर ऐसे कार्यक्रमों के माध्यम से विद्यार्थियों को महान स्वतंत्रता सेनानियों के जीवन से परिचित कराता रहता है, ताकि नई पीढ़ी राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभा सके।
Updated on:
27 Feb 2026 07:56 pm
Published on:
27 Feb 2026 07:56 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
