
दमोह. कृषि उत्पाद गेंहू का विक्रय करने के लिए दमोह कृषि उपज मंडी में बेहतर व्यवस्थाएं प्रदान करने के लिए कार्य प्रारंभ हो चुका है। एसडीएम आरएल बागरी ने कृषि उपज मंडी दमोह के सभाकक्ष में एक बैठक के दौरान शासन-प्रशासन की मंशा को व्यापारियों व किसान संगठनों के सामने रखते हुए उनसे चर्चा की।
उन्होंने बेहतर कार्य के लिए सुझाव भी मांगे और उन पर अमल करने के लिए संबधित अधिकारियों को तत्काल निर्देश दिए। बैठक में व्यापारियों की ओर से नरेन्द्र बजाज ने कहा मंडी में आवक और जावक की पंजी का संधारण होना चाहिए। जिसमें प्रतिदिन कितना माल आया और गया उसका उल्लेख किया जाए। पल्लेदार की संख्या बढ़ाने व सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी चर्चा की गई।
इस अवसर पर हरिश्चन्द्र पटेल ने कहा किसान अपना गेंहू लेकर आए, इसके लिए उनको जो सुविधा निर्धारित की है, वह सभी दिलाई जाएगी। एसडीएम आरएल बागरी ने कहा कि किसी भी प्रकार की परेशानी किसानों को नहीं होना चाहिए। इसकी जबाबदारी कृषि उपज मंडी के सचिव व उनके कर्मचारियों की है। उन्होंने कहा रजिस्टर्ड पल्लेदार ही यहां कार्य करेंगे। नाबालिग व महिलाएं, पल्लेदारी या अन्य कार्य नहीं करेंगे। अगर ऐसा पाया जाता है तो संबंधित के विरूद्ध कार्रवाई की जाएगी। एसडीएम बागरी ने जिले के सभी किसानों को दमोह कृषि उपज मंडी में गेंहू विक्रय के लिए आने की अपील करते हुए कहा कि प्रशासन व मंडी आपको बेहतर सुविधाएं प्रदान करेगा। बैठक में मंडी सचिव घनश्याम प्रसाद मुंडा, नीलामी प्रभारी सुनील मिश्रा, सीडी गुरू के साथ बडी संख्या में थोक अनाज व्यापारियों की उपस्थिति रही।
Published on:
07 Mar 2025 12:35 pm
बड़ी खबरें
View Allसमाचार
ट्रेंडिंग
