नोएडा

Noida News: घर में समोसा बनाते समय फटा सिलेंडर, सात लोग सफदरजंग अस्पताल रेफर

Gas Cylinder Burst Noida: यूपी के नोएडा में शनिवार को एक मकान के अंदर छोटा सिलेंडर फटने से दर्दनाक हादसा हो गया। हादसे में सात लोग गंभीर रूप से झुलस गए और मकान में आग लग गई। सभी घायलों को दिल्ली रेफर किया गया है।

2 min read
Oct 14, 2023
नोएडा में समोसा बनाते समय सिलेंडर फटने से सात लोग झुलसे।

Gas Cylinder Burst Noida: उत्तर प्रदेश के नोएडा में सलारपुर क्षेत्र के एक मकान में शनिवार को तेज धमाके के साथ आग लग गई। इस दौरान मकान के अंदर मौजूद सात लोग गंभीर रूप से झुलस गए। आसपास के लोगों ने पुलिस और अग्निशमन टीम की मदद से झुलसे लोगों को निकालकर जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें दिल्ली से सफदरजंग अस्पताल रेफर किया गया है। फिलहाल अग्निशमन कर्मचारियों ने मकान के अंदर लगी आग बुझा दी है। घटना के बाद से आसपास के लोगों में दहशत का माहौल है।

एसीपी रजनीश ने बताया कि एक सलारपुर क्षेत्र के एक घर में शनिवार को समोसे तले जा रहे थे। इसी दौरान तेज धमाके के साथ छोटा गैस सिलेंडर फट गया। इससे मकान में भीषण आग लग गई। घटना में घर के अंदर मौजूद सात लोग गंभीर रूप से झुलस गए। लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस और अग्निशमन की टीम ने स्‍थानीय लोगों की सहायता से घर में फंसे लोगों को बाहर निकालकर जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां उनकी हालत गंभीर देखते हुए उन्हें दिल्ली से सफदरजंग अस्पताल रेफर किया गया है। सिलेंडर फटने की आवाज इतनी तेज थी कि आसपास के लोग भी सहम गए।

एसीपी रजनीश ने बताया कि सलारपुर गांव में रणवीर (24) परिवार के साथ भूप सिंह भड़ाना के मकान में किराए पर रहते हैं। सुबह करीब साढ़े ग्यारह बजे वो अपने कमरे में छोटे सिलेंडर पर समोसा बना रहे थे। इसी दौरान छोटा सिलेंडर फट गया। कमरे में उनके साथ गुड़िया (32), माया (25), मालती (50), विजय (32), रणधीर (24), सरोज (22) और 11 वर्षीय बालक सहित 7 लोग झुलस गए। पुलिस और दमकल विभाग ने आग पर काबू पाया।

इसके बाद सभी को एम्बुलेंस और अन्य माध्यम से जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहां से सभी को दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल के बर्न सेंटर रेफर किया गया। जहां फिलहाल उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। घायलों के परिजनों को घटना की जानकारी दे दी गई। उन्होंने बताया कि तीन महीने पहले ही गांव में सिलेंडर फटने से पांच लोग घायल हो गए थे। इस संबंध में अभी कोई शिकायत नहीं मिली है। शिकायत मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Published on:
14 Oct 2023 03:00 pm
Also Read
View All

अगली खबर