Highlights - पुलिस और आबकारी विभाग की टीम को मिली बड़ी सफलता - ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे पर पकड़ा गया अवैध शराब से भरा कैंटर - शराब तस्करी करने वाले गिरोह के नेटवर्क को तलाश रही पुलिस
पत्रिका न्यूज नेटवर्क
नोएडा. ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे के रास्ते सोनीपत से बिहार ले जाई जा रही शराब की बड़ी खेप को पुलिस और आबकारी विभाग ने जब्त किया है। थाना दादरी क्षेत्र स्थित बील अकबरपुर कट के पास एक कैंटर आबकारी विभाग ने चेकिंग के दौरान पकड़ा, जिसमे हरियाणा मार्का की 170 पेटी इम्पीरियल ब्लू अंग्रेजी शराब भरी हुई थी। जब्त की गई शराब की कीमत लगभग 10 लाख रुपए बताई जा रही है। बताया जा रहा है कि इस शराब को चुनावों में इस्तेमाल के लिए ले जाया जा रहा था। इस दौरान पुलिस ने एक शराब तस्कर को भी कैंटर के साथ किया गिरफ्तार किया है।
दरअसल, पुलिस और आबकारी विभाग को भारी मात्रा में शराब ले जाए जाने की सूचना मिली थी। सूचना के बाद पुलिस और आबकारी विभाग ने ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेसवे पर चेकिंग शुरू की। बील अकबरपुर कट के पास आबकारी विभाग की टीम ने चेकिंग के दौरान एक कैंटर गाड़ी को चेकिंग के लिए रुकवाया, लेकिन कैंटर चालक घबरा गया और गाड़ी लेकर भागने लगा। इस पर आबकारी विभाग और पुलिस की टीम ने कैंटर को घेराबंदी करते हुए पकड़ लिया। जब उसकी चेकिंग की गई तो कैंटर में बोरियां भरी थीं और उन बोरियों के पीछे हरियाणा मार्का की 170 पेटी इम्पीरियल ब्लू अंग्रेजी शराब की पेटी थीं। आबकारी विभाग की टीम ने बरामद अवैध शराब को जब्त कर लिया।
आबकारी विभाग के निरीक्षक राहुल सिंह ने बताया कि चालक को कैंटर में शराब भरकर डिलीवरी के लिए सौंपी गई थी। इसके बाद चालक बसंत कुमार को लगातार फोन के जरिए शराब पहुंचाने के लिए दिशा-निर्देश दिए जा रहे थे। यह शराब आने वाले होली के त्यौहार और पंचायत चुनावों में इस्तेमाल की जाने वाली थी।
आबकारी विभाग के अधिकारियों का कहना है कि पकड़ी गई शराब की कीमत लगभग 10 लाख रुपए है। साथ ही आबकारी विभाग की टीम ने इस शराब को लाने वाले कैंटर और उसके चालक बसंत कुमार को भी हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है, ताकि शराब तस्करी करने वाले गिरोह के पूरे नेटवर्क को तोड़ा जा सके।