
नोएडा। प्रदेश सरकार द्वारा नोएडा पुलिस को दिल्ली पुलिस के बराबर दर्जा नहीं दिया जाएगा क्योंकि यहां कमिश्नरी व्यवस्था लागू नहीं की जाएगी। उत्तर प्रदेश के प्रमुख सचिव ने साफ संकेत दिए हैं कि यहां वर्तमान में जो ढर्रा चल रहा है उसी में सुधार किया जाएगा और इसे लेकर एक रिपोर्ट पर मंथन हो रहा है। दरअसल, सोमवार को राजीव कुमार उत्तर प्रदेश के मुख्य सचिव के तौर पर पहली बार नोएडा आए। यहां उन्होंने तीनों प्राधिकरणों के अधिकारियों संग बैठक कर जिले में विकास गति बढ़ाने के निर्देश दिए।
वहीं नोएडा की कानून व्यवस्था को कमिश्नरी सिस्टम से जोड़े जाने वाले मुददे पर मुख्य सचिव ने बताया कि जिले में पुलिस प्रशासन वर्तमान में जिस तरीके से चल रहा है उसी में सुधार किया जाएगा। इसके लिए जिले के एसएसपी और जिलाधिकारी के स्तर से एक रिपोर्ट तैयार की गई है। अब उसे शासन के सामने पेश किया जाएगा और उसपर विचार किया जाएगा। उसी के आधार पर वर्तमान में चल रहे ढर्रे में सुधार भी किया जाएगा। इससे उन्होंने साफ संकेत दिए हैं कि नोएडा में कमिश्नरी सिस्टम अभी लागू नहीं किया जाएगा और पुलिस प्रशासन में जैसा चल रहा उसी को कुछ सुधारों के साथ चालू रखा जाएगा।
बता दें कि फिलहाल गौतमबुद्ध नगर मेरठ मंडल के अंतर्गत ही आता है। जिसके चलते मेरठ कमीश्नर के निर्देशन में ही नोएडा पुलिस काम करती है। जबकि कई बार नोएडा में भी कमिश्नरी सिस्टम लागू किए जाने की मांग की जा चुकी है। हालांकि प्रदेश सरकार की ओर से इसपर कोई बदलाव नहीं किया जा रहा है।
प्रदेश मुख्य सचिव ने नोएडा दौरा कर जिले में जमीनी स्तर पर चल रही कई महत्तवपूर्ण परियोजनाओ के बारे में भी अधिकारियों से जानकारी ली। साथ ही जिले में निवेश को लेकर भी चर्चा की। इसके साथ ही लखनऊ में होने वाली इनवेस्टर मीट के लिहाज से जिले में निवेश को बढ़ावा देने के लिए भी चर्चा की गई।
वीडियो देखने के लिए क्लिक करें
Updated on:
16 Jan 2018 01:16 pm
Published on:
16 Jan 2018 01:16 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
