जानकारी के मुताबिक, लिसाड़ीगेट थानाक्षेत्र के मजीदनगर निवासी शकील मजदूरी कर पूरे परिवार का पालन-पोषण करता है। बुधवार को शकील की चाची जो पड़ोस में ही रहती है, अपने परिवार के साथ उसके घर पहुंची। शकील की चाची अपने घर से बनी हुई खीर व दूध भी साथ लाई थी। शकील की चाची शमा, पत्नी हलीम, बेटे नदीम, बेटी शबाना ने इस परिवार को खीर खिलाने के बाद कॉफी पिलाई। इसके बाद शकील उसकी पत्नी रेशमा, बेटी आशिया, नाजिया, इरम, शकील की मां आमना, भतीजी सना, सीमा समेत कई लोग बेहोश होने लगे। यहां तक कि यह परिवार पूरी रात बेहोशी में रहा और सवेरा होने पर भी किसी की आंख नहीं खुली। शकील व उसके परिवारी की बेहोशी नहीं टूटी, घर के अंदर से किसी की आवाज नहीं आयी, तो पड़ोस के लोगों ने शकील के घर के बाहर खड़े होकर आवाज लगाई। जब कोई जवाब नहीं मिला तो लोग घर के अंदर पहुंचे, जहां पूरा परिवार बेहोश था।