
investment for senior citizens
सतीश सिंह, आर्थिक मामलों के विशेषज्ञ
आज की तेज रफ्तार और प्रतिस्पर्धी जीवनशैली में आर्थिक सुरक्षा केवल युवावस्था तक सीमित विषय नहीं रह गई है, बल्कि बुजुर्गावस्था की सबसे बड़ी आवश्यकता बन चुकी है। जीवन के शुरुआती वर्षों में व्यक्ति शिक्षा, नौकरी, व्यवसाय और परिवार की जिम्मेदारियों में इतना व्यस्त रहता है कि वह अक्सर अपने रिटायरमेंट की योजना को टाल देता है। लेकिन समय तेजी से गुजरता है और एक दिन ऐसा आता है, जब नियमित आय का स्रोत सीमित हो जाता है, जबकि स्वास्थ्य और दैनिक जरूरतों पर होने वाला खर्च लगातार बढऩेे लगता है। ऐसे में यदि पर्याप्त बचत और सुनियोजित निवेश न हो, तो बुजुर्गावस्था आर्थिक तनाव, मानसिक चिंता और दूसरों पर निर्भरता का कारण बन सकती है।
जब तक व्यक्ति युवा रहता है, तब तक वह शारीरिक और मानसिक दोनों रूपों में सक्रिय रहकर आय अर्जित कर सकता है। लेकिन 60 वर्ष की आयु के बाद शारीरिक क्षमता धीरे-धीरे कम होने लगती है। हालांकि अनुभव, ज्ञान और मानसिक दक्षता लंबे समय तक व्यक्ति के साथ रहती है, लेकिन बढ़ती उम्र में स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं भी बढ़ जाती हैं। दवाइयों, जांचों और इलाज पर होने वाला खर्च मासिक बजट को प्रभावित करता है। इसलिए हर व्यक्ति के लिए यह जरूरी है कि वह अपने जीवन के सक्रिय वर्षों में ही भविष्य की आर्थिक सुरक्षा के लिए मजबूत तैयारी करे।
भारत में नौकरीपेशा लोगों, किसानों, मजदूरों, छोटे व्यवसायियों और असंगठित क्षेत्र के कामगारों की आर्थिक परिस्थितियां अलग-अलग होती हैं। सरकारी कर्मचारियों को पेंशन की सुविधा मिल जाती है, लेकिन निजी क्षेत्र और असंगठित क्षेत्र में काम करने वाले अधिकांश लोगों के पास नियमित पेंशन का प्रावधान नहीं होता। ऐसे लोगों के लिए बचत और निवेश ही भविष्य की सबसे बड़ी सुरक्षा बनते हैं। यदि व्यक्ति अपनी आय का एक छोटा हिस्सा भी नियमित रूप से बचाना शुरू कर दे और उसे सही योजनाओं में निवेश करे, तो रिटायरमेंट के समय एक मजबूत वित्तीय आधार तैयार किया जा सकता है।
सेवानिवृत्ति के बाद नियमित आय बनाए रखना आर्थिक आत्मनिर्भरता का सबसे महत्त्वपूर्ण आधार है। भारत सरकार और विभिन्न वित्तीय संस्थानों ने वरिष्ठ नागरिकों के लिए कई सुरक्षित निवेश योजनाएं शुरू की हैं, जो स्थिर और निश्चित आय प्रदान करती हैं। इनमें वरिष्ठ नागरिक बचत योजना (एससीएसएस) सबसे लोकप्रिय योजनाओं में से एक है। यह योजना विशेष रूप से 60 वर्ष से अधिक आयु के लोगों के लिए बनाई गई है। वर्तमान में इसमें आकर्षक ब्याज दर दी जा रही है और ब्याज का भुगतान तिमाही आधार पर होता है। यह योजना सुरक्षित होने के साथ-साथ कर लाभ भी प्रदान करती है।
इसी प्रकार डाकघर मासिक आय योजना (पीओएमआइएस) वरिष्ठ नागरिकों के लिए नियमित मासिक आय का अच्छा विकल्प है। इसमें निवेश करने पर हर महीने निश्चित राशि प्राप्त होती है, जिससे दैनिक खर्चों को आसानी से पूरा किया जा सकता है। बैंक की मियादी जमा योजनाएं (एफडी) भी बुजुर्गों के बीच काफी लोकप्रिय हैं, क्योंकि इनमें पूंजी सुरक्षित रहती है और नियमित ब्याज प्राप्त होता है। कई बैंक वरिष्ठ नागरिकों को अतिरिक्त ब्याज दर का लाभ भी देते हैं।
वर्तमान समय में म्यूचुअल फंड का सिस्टमैटिक विदड्रॉल प्लान (एसडब्ल्यूपी) भी रिटायरमेंट प्लानिंग का महत्त्वपूर्ण हिस्सा बनता जा रहा है। इस योजना में व्यक्ति एकमुश्त निवेश करके हर महीने या तिमाही एक निश्चित राशि निकाल सकता है। इससे निवेश की गई पूंजी लंबे समय तक बनी रहती है और शेष राशि पर रिटर्न मिलता रहता है। हालांकि इसमें बाजार जोखिम जुड़ा होता है, इसलिए निवेश करने से पहले विशेषज्ञों की सलाह लेना जरूरी है।
अटल पेंशन योजना (एपीवाई) असंगठित क्षेत्र के कामगारों के लिए एक महत्वपूर्ण सामाजिक सुरक्षा योजना है। इसमें 18 से 40 वर्ष तक का कोई भी व्यक्ति शामिल हो सकता है और 60 वर्ष की आयु के बाद उसे निश्चित मासिक पेंशन प्राप्त होती है। यह योजना उन लोगों के लिए विशेष रूप से लाभकारी है, जिनके पास भविष्य के लिए कोई संगठित बचत व्यवस्था नहीं है।
Updated on:
14 May 2026 03:39 pm
Published on:
14 May 2026 03:34 pm
बड़ी खबरें
View Allओपिनियन
ट्रेंडिंग
