Patrika LogoSwitch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

जिन्होंने राष्ट्र की एकता, अखण्डता तथा धर्म के लिए बलिदान कर दिया सब कुछ

गुरु गोबिंद सिंह के 359वें प्रकाश पर्व पर विशेषः एक महान संत, योद्धा, साहित्य रचयिता व खालसा पंथ के सृजक की यशोगाथा

5 min read
Google source verification

जयपुर

image

Nitin Kumar

Jan 05, 2025

जसबीर सिंह
राजस्थान अल्पसंख्यक आयोग के पूर्व अध्यक्ष और राष्ट्रीय सुरक्षा जागरण मंच के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष

सिख परम्परा के दसवें गुरु गुरु गोबिंद सिंह जी, जो महान सन्त, सिपाही और अपार साहित्य के रचयिता थे, का जन्म (प्रकाश) पौष शुक्ल सप्तमी, शनिवार सम्वत् 1723 विक्रमी (आधुनिक कलैण्डर अनुसार 22 दिसम्बर 1666 ई.) समय रात्रि डेढ़ पहर शेष अर्थात् सघन रात्रि के बीतने के पश्चात नव प्रभात के शुभ आगमन की बेला में हुआ था। गुरु गोबिंद सिंह जी के जन्म से काफी पहले ही दसवीं शताब्दी से लेकर 1526 तक भारत पर लगभग साठ बड़े आक्रमण हो चुके थे जिनमें तीन आक्रमण सुबुक्तगीन, सत्रह मुहम्मद गोरी, पच्चीस मंगोलों के और पांच मुगलों के (जिनमें अन्तिम बाबर का सन् 1526 में था, मुख्य रूप से गिनाए जा सकते हैं)। सिख परम्परा के प्रथम गुरु गुरु नानक के समय तक भयानक कत्लेआम, अत्याचार और धर्मान्तरण जोरों पर था। जनता की इस पीड़ा को नानक ने अपनी वाणी में कहा भी ‘‘खुरासान खसमाना किया हिन्दुस्तान डराया, आपे दौस न देई करता जमकर मुगल चढ़ाइया। ऐती मार पई कुरलाणे तै की दरद न आइआ।’’ अर्थात् ‘‘खुरासान से आने वाले आक्रन्ताओं ने देश के लोगों में भय और अत्याचार का ऐसा दंश बना रखा है और हे परमात्मा आपको जनता की इस पीड़ा का क्या कोई एहसास नहीं हो रहा’’?

सिख परम्परा के पांचवें गुरु अर्जुन देव जी व छठे गुरु हरगोबिन्द जी पर भी हुकूमत के अत्याचार व पीड़ा देने के कृत्य जारी रहे। औरंगजेब के शासनकाल में तो इस अत्याचार की पराकाष्ठा होने लगी। 1661 में मंसूर ए सानी सूफी मोहम्मद सरमद का सूफी सिद्धान्तों में विश्वास रखने के कारण कत्ल कर दिया गया। कुल मिलाकर देश में बहुत ही डरावना व दमघोटू वातावरण निर्मित हो गया। गुरु गोबिंद सिंह जी के पिता हिन्द की चादर गुरु तेग बहादुर जी धर्मांतरण का विरोध करने पर शहीद हो चुके थे। गुरु गोबिंद सिंह जी उस समय मात्र 9 वर्ष के थे। आनन्दपुर में रह रहे गुरु गोबिंद सिंह जी ने पिता के बलिदान का समाचार सन् 1675 में जब सुना तो उन्होंने अनुभव किया कि सिख धर्म को मानने वालों ने बेशक शहादत देकर मानवता के कोमल गुणों यथा विनम्रता, प्रेम, अहिंसा के पालन का एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है पर अब समय आ गया है जब समाज को मानवता के इन्हीं गुणों की सुरक्षा करने के लिए एक नए मोड़ की तीव्र आवश्यकता है। शस्त्र रखना, घुड़सवारी करना और नियमबद्ध धार्मिक दिनचर्या तो पहले से ही सिख जीवन का अंग बन चुके थे, अब इन्हें सुव्यवस्थित करने के लिए और इसमें नए प्राण फूंकने के लिए आदि ग्रन्थ साहिब की वाणियों के साथ-साथ गुरु गोबिन्द सिंह जी ने वीर रस के साहित्य का अनुशीलन, सृजन व अनुवाद प्रारम्भ कर दिया। साहित्य के महान सृजक के रूप में उनकी सम्पूर्ण उपलब्ध कृतियां ‘‘दशमग्रन्थ’’ के नाम से संग्रहित हैं। इनमें जहां एक ओर गुरु गोबिंद सिंह जी ने तोमर, नाराच, छप्पय, भुजंग प्रयात आदि वीर छन्दों का प्रयोग किया है वहीं साथ ही साथ संस्कृत, ब्रजभाषा, फारसी और पंजाबी गुरुमुखी भाषा पर अपनी पकड़ का सुन्दर उदाहरण प्रस्तुत किया तथा अपने शिष्यों को सब भाषाएं जानने के लिए प्रेरित किया। उनकी अधिकांश वाणी व साहित्य वीर रस में है जिसे पढ़ने या सुनने पर वीरता, तेजस्व व ओजस्व का भाव जागृत होता है। उन्होंने जफरनामा, जापुसाहिब, अकाल उसतत, बचित्र नाटक, अथचउबीस अवतार, शस्त्रनाम माला, गोबिंद गीता, अकाल पुरख वाच, रक्तबीजयुक्त कथन, सूर्य चन्द्र अवतार कथन आदि बेशुमार साहित्य लिखा तथा भारतीय दर्शन, चिन्तन, धर्म और अध्यात्म का पुनः लेखन तथा पुनः व्याख्या अद्वितीय, अनूठे व अद्भुत तरीके से की।

गुरु गोबिंद सिंह जी एक दूरदर्शी, कल्पनाशील और चुम्बकीय व्यक्तित्व वाले महान् संगठनकर्ता भी थे। समस्याओं पर उनकी पकड़ सुदृढ़ थी और भारतीय समाज की समस्याओं के निदान और अत्याचारियों के दमन को समाप्त करने के लिए उनके पास सुस्पष्ट कार्यक्रम था। अपनी पूर्व जन्म की आत्मकथा ‘‘बिचित्र नाटक’’ में इस जन्म में ईश्वर द्वारा दी गई भूमिका का स्पष्ट उल्लेख करते हुए गुरु गोबिंद सिंह लिखते हैंः ‘‘यही काज धरा हम जनमं, समझ लेहु साधु सभ मनमं, धरम चलावन सन्त उबारन दुसट सभन को भूल उपारन।’’ गुरु गोबिंद सिंह जी ने 1699 की ‘‘बैसाखी’’ के दिन एक बर्तन (बाटे) में लाहौर निवासी दयाराम ‘खत्री’, हस्तिनापुर निवासी धर्मदास ‘जाट’, द्वारिका निवासी मुहकमचन्द ‘छीपा’, बीदर ‘कर्नाटक’ निवासी साहबचन्द ‘नाई’ और जगन्नाथपुरी निवासी हिम्मत राय ‘कहार’ को अमृतपान कराकर जातिवाद के खंडहर को ध्वस्त कर इनको क्रमशः दयासिंह, धर्मसिंह, मोहकम सिंह, साहिब सिंह और हिम्मत सिंह बनाकर इन्हें पंज प्यारे संज्ञा दी थी और खालसा पंथ की स्थापना की थी। अब खालसा की लड़ाई और विजय व्यक्तिगत न होकर सामूहिक हो गई और इस सामूहिकता को भी प्रभु ‘वाहेगुरू’ की जीत माना जाने लगा। खालसा वाहेगुरू अर्थात् ‘परमात्मा’ के कार्य को आगे बढ़ाने वाला और चक्रचिन्हों के भेदभाव से दूर ईश्वर की फतह के लिए कार्य करने लगा। बोले सो निहाल सतश्री अकाल जयघोष बन गया। गुरु गोबिन्द सिंह द्वारा 1699 की बैसाखी के पहले ही दिन बीस हजार चिडि़या बाज बन गईं और हजारों गीदड़ बने शेरों ने फिर गर्जन प्रारम्भ कर दिया। इसीलिए गुरु गोबिंद सिंह जी ने कहा भीः

‘‘चिडि़या ते मैं बाज तुड़ाऊं, गिदड़ों से मैं शेर बनाऊं

सवा लाख से एक लड़ाऊं, तभै गोबिंद सिंह नाम कहाऊं।

उन्होंने संगठन शक्ति को अपराजेय करने हेतु ऊंच-नीच व छुआछूत के भेद को समाप्त किया तथा स्वाभिमान युक्त विजयशील होने वाली संगठित कार्यशक्ति को खड़ा कर डाला। इस हेतु उन्होंने क्रान्तिकारी घोषणा कर डालीः

‘‘जिनकी जात और कुल मांही, सरदारी नंहि भई कदांही

उनंही को सरदार बणावों, तबै गोबिंद सिंह नाम सदावों।’’

उस काल में उन्होंने तथाकथित निम्न जातियों के लोगों को ऐसी अभूतपूर्व गुणगरिमा देकर व नेतृत्वकर्ता बनाकर देश के इतिहास में अनोखा कार्य कर डाला। गुरु जी ने समाज के पतितों और दलितों को ऊपर उठाया, अनाथों को सहारा दिया व उनमें अपार प्राणशक्ति, आत्मविश्वास व आत्मसम्मान संचारित किया। अत्याचार और अनाचार को भाग्य का दोष कहकर स्वीकार करने वाले लोगों में से उन्होंने महान् शूरवीर पैदा कर दिए। मृत्यु के भय को उन्होंने मानो मंत्र के बल से उड़ा दिया। सिर हथेली पर रखकर उनके सिंहों ने जबरन धर्मान्तरण व अन्याय को ललकारा व देश में नई इतिहास गाथा रच डाली। किन्तु हमें यह नहीं भूलना चाहिए कि उनका युद्ध किसी धर्म के विरुद्ध न होकर फिरकापरस्ती, अत्याचार, कट्टरता व जबरन धर्मान्तरण के विरुद्ध था। वह सम्पूर्ण मानवता में प्रभु के दर्शन करते थे इसलिए उन्होंने फरमाया भीः ‘‘हिन्दू तुरक कोऊ राफजी इमाम साफी। मानस की जात समै एको पहिचानबो’’ जहां एक उच्च सन्त के रूप में वह अपने शिष्यों को कहते हैंः ‘‘साच कहूं सुन लेहो सभै जिन प्रेम कियो तिन ही प्रभ पायो’’, वहीं एक अदम्य साहस से परिपूर्ण योद्धा के रूप में अपने सर्वंश, अपने पिता, चारों साहिबजादों व माता गुजरी की शहादत के बाद भी तत्कालीन शासक औरंगजेब को फारसी में लिखे चुनौती भरे पत्र में लिखते हैंः ‘‘चूं कर अज हमहे हिलते दर गुजश्त, हलाल अस्त बुरदन बा शमशीर दस्त’’ अर्थात् जब संवाद के तमाम रास्ते बन्द हो जाएं तो शमशीर को हाथ में ले लेना या तलवार को उठा लेना जायज होता है।’’ गुरुजी को बाल्यकाल में शस्त्र विद्या का शानदार प्रशिक्षण देने का सौभाग्य क्षत्रिय वज्र सिंह राठौड़ को प्राप्त हुआ।

हम सभी को यह सदैव याद रखना चाहिए कि गुरु नानक से लेकर गुरु गोबिंद सिंह जी तक सभी सिख गुरूओं ने विभिन्न जातियों, पंथों, क्षेत्रों के भारत को सांस्कृतिक, आध्यात्मिक, सामाजिक और धार्मिक स्तर पर एक सूत्र में पिरोने का अद्भुत कार्य किया था। गुरु गोबिंद सिंह जी ने जिन पांच प्यारों को अमृत छकाकर खालसा पंथ का सृजन किया वो देश की विभिन्न जातियों, क्षेत्रों व दिशाओं यथा लाहौर, बीदर, द्वारका, जगन्नाथपुरी व हस्तिनापुर (वर्तमान दिल्ली) के रहने वाले थे। सिखों के परम् पूज्य श्री गुरुग्रन्थ साहिब में सिख गुरुओं के साथ-साथ देश के उस समय तक के तीस उच्च संतों यथा नामदेव जी, रविदास जी, धन्नाजी, पीपा जी, त्रिलोचन जी, फरीद जी, दादू जी आदि की वाणी शामिल है जो प्रत्येक गुरुद्वारे में पूरे अदब से शबद कीर्तन के रूप में गाई जाती है। गुरु गोबिंद सिंह जी का प्रकाश (जन्म) पटना साहिब (बिहार) में हुआ, उन्होंने खालसा पंथ का सृजन आनन्दपुर साहिब (पंजाब) में किया। गुरु ग्रन्थ साहिब का सम्पादन दमदमा साहिब पंजाब में किया तथा 52 महान कवियों का दरबार पाऊंटा साहिब हरियाणा में सजाते थे तथा वह परमज्योति में विलीन 1708 में नांदेड़ (महाराष्ट्र) में हुए। सिख गुरुओं ने अपने प्राणों सहित अपना सब कुछ इस महान् राष्ट्र व इसकी एकता, अखण्डता तथा धर्म के लिए बलिदान कर दिया।

गुरु गोबिंद सिंह जी द्वारा सृजित सिख, राष्ट्र व धर्म की रक्षा हेतु सदैव आगे रहे हैं। उनका योगदान देश की आजादी की लड़ाई से लेकर वर्तमान राष्ट्र निर्माण के कार्यों में भी वन्दनीय है।