ओपिनियन

आपकी बात, देश के विभिन्न राज्यों में क्षेत्रीय दलों का प्रभाव क्यों बढ़ रहा है?

पाठकों की मिलीजुली प्रतिक्रियाएं आईं। पेश हैं चुनिंदा प्रतिक्रियाएं।

2 min read
Nov 08, 2023
आपकी बात, देश के विभिन्न राज्यों में क्षेत्रीय दलों का प्रभाव क्यों बढ़ रहा है?

महत्वपूर्ण हैं क्षेत्रीय दल

भारतीय लोकतंत्र विश्व के मजबूत लोकतंत्रों में शुमार है। वर्तमान में भारत में कहने को तो केंद्रीय स्तर पर दो ही गठबंधन हैं, लेकिन उन गठबंधनों को चलाने के लिए क्षेत्रीय दलों की अपनी विशेष भूमिका है। क्षेत्रीय दलों की पकड़ आम-जन तक होती है। इसी कारण बड़ी पार्टियां भी क्षेत्रीय दलों की अनदेखी नहीं कर पातीं और हर चुनाव में साझेदार के तौर पर इनको जरूर साथ लेती हैं। यह अलग बात है कि वर्तमान में क्षेत्रीय दलों की संख्या काफी बढ़ गई है, जो मजबूत विपक्ष बनने में बाधक है। भारत की वर्तमान राजनीतिक परिस्थितियों में क्षेत्रीय दलों की भूमिका अब महत्वपूर्ण होने लगी है।

-नरपत सिंह चौहान, जैतारण, पाली

.............

मजबूत नेटवर्क

कुछ राज्यों में क्षेत्रीय दल अच्छा कार्य कर रहे हैं। प्रचार प्रसार एवं मजबूत नेटवर्क का भी उन्हें लाभ प्राप्त होता है। इसी से उनके प्रभाव में वृद्धि हो रही है। कभी-कभी परिवर्तन की चाह में भी जनता क्षेत्रीय दलों को सत्ता सौंप देती है। - ललित महालकरी, इंदौर

................

क्षेत्रीय दल जनता के करीब

जनता को राष्ट्रीय पार्टियों की तुलना में क्षेत्रीय पार्टियां ज्यादा करीब महसूस होती हैं। क्षेत्रीय दल उस क्षेत्र की समस्याओं के साथ-साथ वहां की संस्कृति को ठीक से समझते हैं, यही कारण है कि देश के कई राज्यों में क्षेत्रीय दलों का प्रभाव बढ़ रहा है।

-कवि हरेन्द्र त्यागी, धौलपुर

............

समस्याओं का प्रकार अलग

देश के विभिन्न राज्यों में भौगोलिक, राजनीतिक और सांस्कृतिक विभिन्नता होने से समस्याएं भी अलग-अलग होती हैं। क्षेत्रीय दल इन समस्याओं को हल करने पर ध्यान देते हैं। वे इसके लिए केंद्र से भी सीधी टक्कर लेते हैं। क्षेत्रीय दल स्थानीय भावनाओं के अनुरूप काम करते हैं तथा अपना वर्चस्व बढ़ाते हैं।

-माधव सिंह भामू, श्रीमाधोपुर, नीम का थाना

गठबंधन राजनीति का परिणाम

पिछले दो दशकों में क्षेत्रीय दलों ने अपना प्रभाव केंद्रीय राजनीति में बढ़ाया है। गठबंधनों के कारण क्षेत्रीय दलों का प्रभाव बढ़ रहा है।

-गिरीश ठक्कर, राजनांदगांव

............

मतदाताओं पर प्रभाव क्षेत्रीय दल विशेष वर्गों के मतदाताओं को साधने में सफल हो जाते हैं और कभी-कभी राज्य में सरकार भी बना लेते हैं। सत्ताधारी होने के कारण अन्य वर्गों के सामाजिक और आर्थिक संगठनों से भी सहयोग प्राप्त करते हैं।अत: प्रभावी होते हैं।

-मुकेश भटनागर, भिलाई, छत्तीसगढ़

......

जनता से जुड़ाव

क्षेत्रीय दलों का प्रभाव इसलिए अधिक बढ़ रहा है क्योंकि वे वहां की जनता से सीधे और बहुत करीब से जुड़े होते हैं। वे जनता की बात को सुनते हैं और उसका विश्वास जीत लेते हैं।

-राजीव नामदेव, टीकमगढ़, मप्र

Published on:
08 Nov 2023 06:01 pm
Also Read
View All

अगली खबर