
नई दिल्ली| भारत की दिग्गज महिला मुक्केबाज और पांच बार की विश्व चैम्पियन एम सी मैरीकॉम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए यहां जारी 21वें राष्ट्रमंडल खेलों में रविवार को चौथे दिन महिलाओं की 48 किलोग्राम स्पर्धा के सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया है। ओक्सनफोर्ड स्टूडियोज में आयोजित इस स्पर्धा के दूसरे क्वार्टर फाइनल में में मैरीकॉम ने स्कॉटलैंड की मेगन गोर्डन को 5-0 से हराया।
18 वर्षीया मेगन की कोशिश नाकाम
विश्व स्तर पर अपने नाम का परचम लहरा चुकीं मैरीकॉम के अनुभव के सामने 18 वर्षीया मेगन की कोशिश नाकाम हो गई। वह भारतीय महिला मुक्केबाज का सामना नहीं कर पाईं और हार गईं। मैरीकॉम भले ही विश्व चैम्पियन हैं और उन्होंने ओलम्पिक खेलों में कांस्य पदक हासिल किया है, लेकिन उनके खाते में अब भी राष्ट्रमंडल खेलों के पदक की कमी है। इस स्पर्धा के पहले राउंड में मैरीकॉम और मेगन के बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा देखी गई, लेकिन दूसरे क्वार्टर में भारतीय महिला मुक्केबाज के पंचों की तेजी ने मेगन को परेशान कर दिया।
अनुभवी मैरीकॉम के सामने मेगन पस्त
इस बीच, मैरीकॉम रिंग में मेगन को पकड़ते हुए गिर पड़ीं, लेकिन इसमें भी वह मुस्कुराते हुए खड़ी हुईं और मेगन को अपने मजबूत पंचों के आगे घुटने टेकने पर मजबूर कर दिया। तीसरे राउंड में भी कुछ ऐसा ही नजारा देखने को मिला, जहां मैरीकॉम के जैब वाले पंच मेगन को कमजोर कर रहे थे। मेगन ने अच्छी टक्कर देने की कोशिश की, लेकिन वह दिग्गज भारतीय मुक्केबाज के आगे टिक नहीं पाईं और हार गईं। मैरीकॉम का सामना अब सेमीफाइनल में श्रीलंका की अनुषा दिलरुक्शी से होगा।
क्वार्टर फाइनल में पहुंचे विकास
वहीं दूसरी ओर भारतीय मुक्केबाज विकास कृष्ण ने अच्छा प्रदर्शन करते हुए पुरुषों की 75 किलोग्राम मुक्केबाजी स्पर्धा के क्वार्टर फाइनल में प्रवेश कर लिया है। विकास ने ओक्सेनफोर्ड स्टूडियोज में जारी इस स्पर्धा के अंतिम-16 दौर में आस्ट्रेलिया के कैम्पबेल सोमेरविले को 5-0 से हराया। विकास और सोमेरविले के बीच हुआ यह मुकाबला रोमांचक था। दोनों मुक्केबाजों ने एक-दूसरे को अच्छी टक्कर दी। हालांकि, भारतीय मुक्केबाज ने अपना दबदबा बनाए रखा।हरियाणा के निवासी विकास ने 2010 में राष्ट्रमंडल खेलों में स्वर्ण पदक जीता था और ऐसे में वह एक बार फिर सोना जीतने के लिए प्रतिबद्ध हैं, जिसकी बदौलत उन्होंने क्वार्टर फाइनल में अपनी जगह बनाई। क्वार्टर फाइनल में विकास के प्रतिद्वंद्वी खिलाड़ी का नाम अभी तय नहीं हुआ है।
Published on:
08 Apr 2018 12:29 pm
बड़ी खबरें
View Allअन्य खेल
खेल
ट्रेंडिंग
