मानसिक रूप से था परेशान, परिजनों का बुरा हाल
पाली शहर के लाखोटिया तालाब में बुधवार दोपहर को एक वृद्ध का शव पानी में तैरता मिला। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने गोताखोरों की मदद से शव को बाहर निकलवाया और बांगड़ अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया।
पुलिस ने बताया कि मृतक की पहचान शहर के जनता कॉलोनी निवासी भानाराम [50] पुत्र हीराराम सीरवी के रूप में हुई है। मृतक कमठे की मजदूरी करता था और पांच नवम्बर की शाम को घर से बिना बताए निकल गया था। परिजनों ने भानाराम की तलाश की, नहीं मिलने पर ट्रांसपोर्ट नगर थाने में गुमशुदगी भी दर्ज करवाई थी। बुधवार दोपहर को लाखोटिया तालाब में शव पड़ा होने की सूचना पर औद्योगिक नगर और ट्रांसपोर्ट नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची।
सांई सेवा संस्थान के पिन्टू मामा, लूंबाराम, यासीन पठान व कालू ने शव को तालाब से बाहर निकलवा शव को बांगड़ अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। पुलिस की सूचना पर मोर्चरी में मृतक के परिजन भी पहुंच गए। जिन्होंने शव की शिनाख्त भानाराम सीरवी के रूप में की।
मनरेगा की महिला श्रमिकों ने दी पुलिस को सूचना
लाखोटिया तालाब किनारे स्थित आर्यवीर दल के निकट मनरेगा की महिला श्रमिक कार्य कर रही थी। तालाब के आसपास बदबू आने पर महिलाओं ने तालाब में एक व्यक्ति का शव तैरता देखा। जिस पर उन्होंने पुलिस को सूचना दी। जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को बाहर निकलवाया।