- एसपी राहुल कोटोकी ने ली पहली क्राइम मीटिंग
पाली। पुलिस अधीक्षक राहुल कोटोकी ने शुक्रवार को अपने कक्ष में जिले के सभी थानाधिकारियों व पुलिस अधिकारियों की पहली क्राइम मीटिंग ली। इसमें उन्होंने कहा कि थानाधिकारी की प्राथमिकता परिवादी को न्याय दिलाने में होनी चाहिए। सभी परिवादी का सम्मान करे, थाने में वह आए तो उसे बैठाए और उसकी बात सुने। उन्हें न्याय दिया जाए। शिकायत पर तुरंत मुकदमा दर्ज किया जाए।
उन्होंने कहा कि सम्पति सम्बंधी अपराध कम हो, इसके लिए चोरी, नकबजनी व लूट की वारदातों पर रोक लगाई जाए, रात्रि गश्त बढ़ाई जाए। पुराने अपराधियों व शातिर अपराधियों को पकड़े, उन पर नजर रखे। हर हाल में वारदातें खोली जाए। तस्करी व अपराध पर अंकुश लगाया जाए। महिला अपराध पर तुरंत कार्रवाई हो। अपराध रोकने के लिए आमजन का सहयोग लिया जाए, जनता का भरोसा जीता जाए। उन्होंने कहा कि पुलिस अपने काम में तेजी लाए।
बीट कांस्टेबल हो सक्रिय
एसपी ने कहा कि बीट कांस्टेबल सक्रिय हो, थाना क्षेत्रों में गली-मोहल्ले में लगाए गए बीट कांस्टेबल की डिटेल को अपडेट किया जाए, बीट कांस्टेबल को अपनी बीट की पूरी जानकारी हो। थानाधिकारी थानों की पेंडेंसी समय पर निपटाए, पुलिस का कामकाज ऑनलाइन व कम्प्यूटरराइज्यड हो रहा है, इसके लिए अपडेट रहे। पुलिस मुख्यालय से प्राप्त प्राथमिकताओं पर ध्यान दे। बैठक में एएसपी रामेश्वरलाल मेघवाल, एएसपी बाली ब्रजेश सोनी, सीओ सिटी नारायणदान, सीओ ग्रामीण छुग सिंह सोढ़ा, सीओ जैतारण सुरेश कुमार, सीओ सोजत डॉ. हेमंत जाखड़ सहित सभी सर्किल के सीओ व थानाधिकारी मौजूद थे।
पुलिस का जोश ठण्डा पड़ रहा, सक्रिय हो जाए
एसपी कोटोकी पुलिस कंट्रोल रूम का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पुलिस की गाडिय़ां भी देखी। उन्होंने पुलिसकर्मियों से कहा कि पुलिस का जोश ठण्डा पड़ रहा है, सभी सतर्क व सक्रिय हो जाए, मुस्तैदी से काम करे। उन्होंने हाइवे मोबाइल, चेतक को सजक व सतर्क रहने की बात कही। उन्होंने कहा कि चेतक गश्त व हाइवे मोबाइल गश्त प्रभावी से काम करेगी तो आमजन को राहत मिलेगी। पाली शहर में यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए पुलिसकर्मियों की संख्या यातायात पुलिस में बढ़ाने की बात कही। शहर में यातायात हालात को देखते हुए एक इंटरसेप्टर पाली शहर के लिए देने की बात कही।