
बिहार के मुख्यमंत्री : जानिए बिहार के लिए कौन-सा वर्ष था सबसे खराब
पटना। स्थानीय और केन्द्र सरकार की राजनीति का अखाड़ा रहे बिहार राज्य के लिए वर्ष 1968 सबसे खराब वर्ष था। एक ही वर्ष में बिहार में बारी-बारी से चार नेता मुख्यमंत्री बनाए गए और अंतत: अस्थिरता बढ़ी, तो राष्ट्रपति शासन लगाना पड़ा। प्रथम मुख्यमंत्री श्रीकृष्ण सिंह ने बिहार शासन को जो स्थिरता दी थी, वह वर्ष 1967 से 1969 के बीच लगभग खत्म हो गई। ये दो वर्ष ऐसे उथुल-पुथल वाले बीते कि 7 बार मुख्यमंत्री बदले गए और राष्ट्रपति शासन का भी सहारा लेना पड़ा।
वर्ष 1968 में क्या हुआ था?
मुख्यमंत्री महामाया प्रसाद सिन्हा 28 जनवरी 1968 को हटाए गए। सतीश प्रसाद सिंह मुख्यमंत्री बने, लेकिन केवल 5 दिन गद्दी पर रहे। बी.पी. मंडल मुख्यमंत्री बने, तो 31 दिन ही रहे और उसके बाद भोला पासवान शास्त्री मुख्यमंत्री बने, तो बामुश्किल 100 दिन गद्दी पर रहे और 29 जून को राष्ट्रपति शासन लगाना पड़ा। ध्यान दीजिएगा, बिहार ने वर्ष 1968 में लगभग 5 महीने के समय में ही 4 मुख्यमंत्री देखे थे। मात्र 31 दिन मुख्यमंत्री रहे बी.पी. मंडल या बिंध्वेश्वरी प्रसाद मंडल को आरक्षण के लिए ख्यात मंडल कमिशन के लिए याद किया जाता है। बिहार राजनीति की उठापटक देखिए, भोला पासवान शास्त्री को तीन बार मुख्यमंत्री बनने का सम्मान मिला, लेकिन पहली बार 100 दिन, दूसरी बार 13 दिन और तीसरी बार 222 दिन ही मुख्यमंत्री रह पाए। मुख्यमंत्री कर्पूरी ठाकुर को आज भी उनकी ईमानदारी के लिए याद किया जाता है, लेकिन दो बार मुख्यमंत्री पद मिलने के बावजूद उन्हें 831 दिन ही पद पर रहने दिया गया।
अब तक 23 मुख्यमंत्री देख चुका बिहार
अब तक 23 मुख्यमंत्री देख चुका है बिहार। करीब 36 बार मुख्यमंत्री शपथ ग्रहण हो चुका है। अब तक 6 नेता ही दो या उससे अधिक बार मुख्यमंत्री पद की शपथ ले चुके हैं। मात्र 11 नेता ही 500 से ज्यादा दिन मुख्यमंत्री रहे हैं। केवल 5 नेता ही 5 साल से ज्यादा समय तक बिहार के मुख्यमंत्री रहे हैं।
बिहार में सबसे कम दिन रहे मुख्यमंत्री
1 - सतीश प्रसाद सिंह - 5
2 - दीप नारायण सिंह - 18
3 - बी.पी. मंडल - 31
4 - हरिहर सिंह - 117
(नोट - नीतीश कुमार भी जब पहली बार मुख्यमंत्री बने थे, तब मात्र 8 दिन पद पर रह पाए थे, विधानसभा में बहुमत न होने के कारण उन्हें हटना पड़ा था। 3 मार्च 2000 से 10 मार्च 2000 तक)
Published on:
24 Nov 2018 06:03 pm

बड़ी खबरें
View Allबिहार चुनाव
पटना
बिहार न्यूज़
ट्रेंडिंग
