(पटना): गुजरात के सांबरकाठा में चौदह माह की बच्ची से बालात्कार की घटना के बाद से वहां रहने वाले हिंदी भाषी राज्यों विशेषकर बिहार व उत्तरप्रदेश के लोगों पर हमले की घटनाएं विभिन्न इलाकों से सामने आई। इसके बाद गुजरात से बिहार और उत्तरप्रदेश के लोग पलायन कर गए है। गुजरात के उद्योग धंधों पर भी इसका प्रभाव दिखाई दिया। बिहार के जो लोग अभी भी गुजरात में रह रहे हैं वह भी डरे सहमे हुए हैं। इस दहशत भरे माहौल में गुजरात में रहने वाले बिहारियों को संबल प्रदान करने के लिए पाटीदार नेता हार्दिक पटेल ने एक सकारात्मक पहल की है। हार्दिक पटेल ने एक हैल्पलाइन नंबर जारी किया है। साथ ही हिंदी भाषी राज्यों के लोगों को कोई भी धमकी मिलने पर उन्हें सूचित करने की बात कही है।