
गोपाल खेमका। फोटो- X/@rajeshkrinc
पटना में अपराधियों ने शुक्रवार की रात में उद्योगपति गोपाल खेमका की हत्या कर दी। सात साल पहले गोपाल खेमका के बेटे गुंजन की अपराधियों ने हाजीपुर में कर दी थी। गोपाल खेमका की हत्या के बाद पटना पुलिस के इकबाल पर सवाल खड़े होने लगे हैं। गोपाल खेमका की जहां पर हत्या हुई है वहां से महज कुछ दूरी पर गांधी मैदान थाना है। होटल मौर्या और पनाश भी आस पास में ही है। इसको लेकर पुलिस की गाड़ी अक्सर यहां खड़ी रहती है। फिर अपराधियों ने कैसे इस घटना को अंजाम देकर फरार हो गए?
राजधानी पटना में उद्योगपति गोपाल खेमका की शुक्रवार की देर रात गोली मारकर हत्या कर दी। यह खौफनाक घटना पटना के गांधी मैदान थाना क्षेत्र के रामगुलाम चौक के पास स्थित होटल पनाश के समीप हुई। रात करीब 11:45 बजे गोपाल खेमका अपने घर जा रहे थे, तभी बाइक सवार अपराधियों ने बेहद करीब से उनके सिर में गोली मारकर हत्या कर दी। गोली लगते ही खेमका खून से लथपथ हो गए और मौके पर गिर पड़े। आस-पास के लोगों ने आनन फानन में उनको लेकर मेडिवर्सल अस्पताल ले गए जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस अभी इस मामले पर चुप है। पुलिस का दावा है कि अपराधियों की पहचान हो गई है उसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी चल रही है। अपराधी कौन हैं? क्यों की हत्या? इन सवालों पर पुलिस फिलहाल कोई जवाब नहीं दे रही है।
उद्योगपति गोपाल खेमका के बेटे गुंजन की भी सात साल पहले इसी तरह से हत्या की गई थी। अपराधियों ने वर्ष 2018 में हाजीपुर में गुंजन खेमका की जान ली थी। गुंजन हाजीपुर में औद्योगिक थाना इलाके में स्थित अपने कॉटन फैक्ट्री जा रहे थे। वे अपनी फैक्ट्री की गेट पर पहुंचे ही थे कि पहले से घात लाए अपराधियों ने उनको गोली मारकर हत्या कर दी। हत्या का कारण पुलिस को आज तक नहीं पता चल पाया है? गोपाल खेमका के दो बेटे हैं। दूसरा बेटा आईजीआईजीएमएस में डॉक्टर है।
गोपाल खेमका मूलरूप से पटना के ही निवासी थे। पटना के अशोक राजपथ पर एक दवा की दुकान से इन्होंने अपने बिजनेस की शुरुआत की थी। इसके बाद वे अपनी मेहनत के दम पर आगे बढ़ते गए। कहा जा रहा है कि गोपाल के बिजनेस का साम्राज्य 100 करोड़ से भी ऊपर का है।
गोपाल खेमका प्रसिद्ध मगध हॉस्पिटल के ऑनर, कई पेट्रोल पंप और कॉटन फैक्ट्री के भी मालिक थे। हाजीपुर में गोपाल खेमका की दो फैक्ट्रियां हैं। इसके अलावा राजधानी के प्रसिद्ध बांकीपुर क्लब के भी वे अध्यक्ष थे।
Updated on:
5 Jul 2025, 1:16 PM IST
Published on:
5 Jul 2025, 1:16 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.