
कटिहार में मस्जिद के सामने युवाओं ने बनाई मानव शृंखला
Ram Navami 2026बिहार में कड़ी सुरक्षा के बीच आज कई जगहों पर भगवान राम की शोभायात्रा निकाली जा रही है। इसी बीच कटिहार में रामनवमी के अवसर पर निकली शोभायात्रा में भाईचारे की एक अनोखी तस्वीर देखने को मिली।
यहां जब शोभायात्रा मस्जिद के पास से गुजरी, तो हिंदू संगठनों के कार्यकर्ता कतार में खड़े होकर एक-दूसरे का हाथ थामे सुरक्षा घेरा बनाते नजर आए। उन्होंने शांतिपूर्ण माहौल बनाए रखते हुए पूरे जुलूस को बिना किसी बाधा के आगे बढ़ाया, जिससे सामाजिक सौहार्द और एकता का संदेश गया।
हालांकि शोभायात्रा के दौरान किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना न हो, इसके लिए जिला प्रशासन की ओर से कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई थी। इसके बावजूद, किसी भी तरह की गलतफहमी या समस्या से बचने के लिए हिंदू संगठनों के युवाओं ने खुद आगे बढ़कर मस्जिद के सामने मानव शृंखला (Human Chain) बनाई। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना था कि शोभायात्रा के दौरान दूसरे धर्म के लोगों को कोई परेशानी न हो और शहर में शांति व सौहार्द का माहौल बना रहे।
इधर, रामनवमी के अवसर पर पटना के प्रसिद्ध महावीर मंदिर में भक्तों की लंबी कतार देखने को मिल रही है। सुबह करीब 2 बजे से ही श्रद्धालु मंदिर पहुंचकर दर्शन कर रहे हैं। इससे पहले बजरंगबली की भव्य आरती आयोजित की गई। पट खुलते ही पूरा मंदिर ‘जय श्री राम’ के जयकारों से गूंज उठा।
मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम के जन्मोत्सव को लेकर गर्भगृह को विशेष रूप से सजाया गया है। सजावट के लिए कंबोडिया और वियतनाम से लाल गुलाब, बैंगनी ऑर्किड और एन्थूरियम सहित विभिन्न प्रकार के फूल मंगवाए गए हैं।
हनुमान जी के दर्शन के लिए रात 2 बजे से ही भक्तों की भीड़ उमड़ पड़ी है। लंबी कतार महावीर मंदिर गेट से लेकर जीपीओ गोलंबर होते हुए आर ब्लॉक तक लगी हुई है। बच्चे, युवा, बुजुर्ग और महिलाएं सभी हाथों में प्रसाद, माला और झंडा लिए अपनी बारी का इंतजार कर रहे हैं।
Updated on:
27 Mar 2026 08:37 am
Published on:
27 Mar 2026 08:36 am
बड़ी खबरें
View Allपटना
बिहार न्यूज़
ट्रेंडिंग
