18 सितंबर 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

पीएम मोदी का जन्मदिन आज, दिल्ली से वडनगर तक क्या क्या होगा, जानिए पूरा शेड्यूल

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 76वें जन्मदिन पर 17 सितंबर से देशभर में सेवा संकल्प अभियान शुरू होगा। दिल्ली में सेमीकॉन इंडिया 2026 का उद्घाटन, वडनगर और वाराणसी से दो बाइक यात्राएं, रक्तदान शिविर और शाम 7 बजे आशीर्वाद का दीया कार्यक्रम प्रमुख आयोजनों में शामिल हैं।
3 min read
Google source verification

image

Adarsh Thakur

Sep 17, 2026

PM Modi Birthday 2026

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी। (फाइल फोटो)

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का 76वां जन्मदिन आज 17 सितंबर को मनाया जाएगा। इस बार भारतीय जनता पार्टी ने जन्मदिन को प्रधानमंत्री के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने से भी जोड़ा है। इसी मौके पर 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक देशभर में एक महीने का सेवा संकल्प अभियान चलाया जाएगा। अभियान में रक्तदान, स्वास्थ्य जांच, स्वच्छता अभियान, जनसंपर्क, सरकारी योजनाओं की जानकारी और कई सामाजिक कार्यक्रम शामिल हैं।

दिल्ली में सेमीकॉन इंडिया 2026 का उद्घाटन

17 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दिल्ली के यशोभूमि में सेमीकॉन इंडिया 2026 का उद्घाटन करेंगे। तीन दिन चलने वाला यह सम्मेलन 17 से 19 सितंबर तक होगा। इसका विषय सिलिकॉन से सिस्टम्स और इकोसिस्टम निर्माण पर केंद्रित है। प्रधानमंत्री यहां कार्यक्रम को संबोधित भी करेंगे।

दिल्ली में बीजेपी अध्यक्ष नितिन नबीन पार्टी मुख्यालय में रक्तदान शिविर का उद्घाटन करेंगे। इसके अलावा देशभर में रक्तदान और स्वास्थ्य संबंधी कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

वडनगर से वाराणसी तक बाइक यात्रा

इस बार जन्मदिन के कार्यक्रमों में वडनगर से वाराणसी तक की सेवा संकल्प बाइक यात्रा प्रमुख आकर्षण रहेगी। गुजरात का वडनगर प्रधानमंत्री मोदी का जन्मस्थान है, जबकि वाराणसी उनका लोकसभा क्षेत्र है। गृह मंत्री अमित शाह वडनगर से वाराणसी की ओर जाने वाली बाइक यात्रा को हरी झंडी दिखाएंगे। वहीं रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह वाराणसी से वडनगर जाने वाली यात्रा को रवाना करेंगे। दोनों यात्राओं के 7 अक्टूबर को पूरा होने की जानकारी दी गई है।

वाराणसी में 51 सेवा यात्री पहले ललिता घाट से गंगाजल लेकर काशी विश्वनाथ मंदिर पहुंचेंगे। यहां जलाभिषेक के बाद बाइक यात्रा को रवाना किया जाएगा। वाराणसी से निकलने वाली यात्रा में 250 बाइक और करीब 500 बाइकर्स के शामिल होने की जानकारी सामने आई है।

यह यात्रा 10 राज्यों के 193 जिलों और 1,159 गांवों से होकर गुजरने की योजना के तहत आयोजित की जा रही है। यात्रा के दोनों मार्गों को अलग अलग पवित्र नदियों के नाम से जोड़े जाने की भी जानकारी दी गई है।

शाम 7 बजे आशीर्वाद का दीया

17 सितंबर की शाम 7 बजे आशीर्वाद का दीया कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसके तहत लोगों और केंद्र तथा राज्य सरकार की योजनाओं के लाभार्थियों से घरों में दीपक जलाने की अपील की गई है। उत्तर प्रदेश में प्रत्येक बूथ पर भी इस कार्यक्रम को आयोजित करने की योजना है।

राजस्थान में क्या होगा

राजस्थान में भी 17 सितंबर से एक महीने तक सेवा संकल्प अभियान चलाने की योजना है। अभियान की शुरुआत शाम 7 बजे आशीर्वाद का दीया कार्यक्रम से होगी। इसके बाद मेरे सपनों का भारत, नमो सेवा अनकही कहानियां, सेवा की कहानी, सेवा ज्योति यात्रा, सेवा मेरा योगदान और सेवा सेतु जैसे कार्यक्रम होंगे।

सेवा सेतु के तहत ब्लॉक स्तर पर शिविर लगाए जाएंगे। इनमें गरीब, युवा, महिला, किसान और मजदूर वर्ग के पात्र लोगों को सरकारी योजनाओं की जानकारी और उनसे जुड़ी सहायता उपलब्ध कराने पर जोर रहेगा।

उज्जैन में 25 लाख से ज्यादा दीप जलेंगे

  • उज्जैन में शिप्रा नदी के घाटों और महाकाल लोक क्षेत्र में करीब 25 लाख मिट्टी के दीप प्रज्वलित होंगे। भाजपा अध्यक्ष नीतिन नवीन शिप्रा नदी की आरती और 'आशीर्वाद का दीया' कार्यक्रम में भाग लेंगे।
  • इसी दिन इंदौर में केंद्र सरकार की स्वामित्व योजना के तहत राज्यभर में जमीन के लिए नई रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया शुरू होगी।

जम्मू-कश्मीर में 8.9 लाख दीप जलाए जाएंगे

  • जम्मू-कश्मीर में 8.9 लाख दीप जलाए जाएंगे। केंद्र शासित प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में दीप जलाने के लिए भाजपा कार्यकर्ताओं ने तैयारियां की हैं।

मुंबई में 10 जगहें होंगी रोशन

  • मुंबई में 10 मुख्य जगहों को रोशन किया जाएगा। इनमें गेटवे ऑफ इंडिया, आरे कॉलोनी, बांधगंगा, गिरगांव चौपाटी, बांद्रा बैंडस्टैंड और संजय गांधी नेशनल पार्क शामिल हैं।
  • मुंबई भाजपा की ओर से 10 हजार बूथों पर 'आशीर्वाद का दीया' जलाने का कार्यक्रम भी रखा गया है। इसके अलावा सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज के जरिए युवाओं, छात्रों, स्टार्टअप्स और इनोवेटर्स को अपने आइडिया और प्रोडक्ट दिखाने का अवसर दिया जाएगा।

एक महीने तक चलेंगे सेवा कार्यक्रम

बीजेपी के अनुसार 17 सितंबर से शुरू होने वाले अभियान में सिर्फ जन्मदिन से जुड़े कार्यक्रम नहीं होंगे। इस दौरान अलग-अलग क्षेत्रों में सेवा गतिविधियां भी आयोजित की जाएंगी। इनमें रक्तदान शिविर, स्वास्थ्य जांच, स्वच्छता अभियान, दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण वितरण, स्कूलों में चित्रकला और भाषण प्रतियोगिताएं तथा आंगनवाड़ी केंद्रों से जुड़ी गतिविधियां शामिल हैं।

इस अभियान का समापन 17 अक्टूबर को होगा। 7 अक्टूबर को जिला मुख्यालयों पर सेवा ज्योति कलश यात्रा और वडनगर वाराणसी बाइक यात्राओं से जुड़े कार्यक्रमों की योजना भी बताई गई है।