
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को बाबा साहब भीमराव अंबेडकर के नाम को सियासत में इस्तेमाल करने को लेकर बड़ा बयान दिया। राजनीतिक दलों को निशाने पर लेते हुए उन्होंने कहा कि लोगों ने अंबेडकर के नाम का राजनीतिक फायदे के लिये इस्तेमाल किया। उन्होंने संविधान निर्माता अंबेडकर की विरासत के राजनीतिकरण पर भी जमकर निशाना साधा।
हमारी सरकार ने सबसे ज्यादा बढ़ाया अंबेडकर का सम्मान
उन्होंने कहा कि उनकी सरकार ने बाबा साहब का सम्मान बढ़ाने के लिए जितना काम किया उतना किसी दूसरी सरकार ने नहीं किया। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि बाबा साहब की याद में अनेक परियोजनाओं को पूरा करके उनकी सरकार ने उचित स्थान दिलाया है। उन्होंने कहा कि अलीपुर रोड स्थित जिस मकान में बाबा साहब ने अंतिम सांस ली, उसे अंबेडकर जयंती की पूर्व संध्या पर राष्ट्र को समर्पित किया जाएगा।
अंबेडकर अंतरराष्ट्रीय केंद्र पर भी बोले मोदी
उन्होंने कहा कि उनकी सरकार ने अंबेडकर अंतरराष्ट्रीय केंद्र को पूरा किया जिसका विचार उस समय किया गया था जब केंद्र में अटल बिहारी वाजपेयी की सरकार थी। मोदी ने कहा कि पूर्ववर्ती यूपीए सरकार ने वर्षों तक इस परियोजना को नहीं आगे बढ़ाया।
एसटी एससी एक्ट पर बवाल के बाद आया पीएम का बयान
प्रधानमंत्री का यह बयान ऐसे समय में आया है जब अनुसूचित जाति-जनजाति अत्याचार निवारक अधिनियम पर सुप्रीम कोर्ट के फैसले को लेकर भारत बंद के दौरान देश के कई हिस्सों में भारी विरोध प्रदर्शन देखने को मिला। आपको बता दें कि इस प्रदर्शन के दौरान करीब एक दर्जन लोगों की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हो गए। आंदोलन में देशभर के कई जिलों में तोड़फोड़ और आगजनी के चलते करोड़ों रुपए का नुकसान हो गया। गौरतलब है कि यह विरोध सुप्रीम कोर्ट के उस फैसले के विरोध में था, जिसमें अनुसूचित जाति और जनजाति अधिनियम में गिरफ्तारी से पहले जांच की बात कही गई थी।
Published on:
04 Apr 2018 03:34 pm
बड़ी खबरें
View Allराजनीति
ट्रेंडिंग
