
राम मंदिर पर अमित शाह का बड़ा बयान, सुप्रीम कोर्ट चाहे तो 10 दिन मे कर दे फैसला
नई दिल्ली। पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव में मिले तगड़े झटके के बाद एक बार फिर भाजपा को राम मंदिर की याद आई है। इस बार भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष अमित शाह ने राम मंदिर को लेकर बड़ा बयान दे दिया है। शाह ने कहा है कि हमें पूरा भरोसा है जनवरी महीने में सुप्रीम कोर्ट में इस मामले की सुनवाई होगी और जल्द ही इस मामले में फैसला भी आ जाएगा। यही नहीं शाह ने ये भी कहा कि भाजपा ही नहीं बल्कि पूरा देश चाहता है कि अयोध्या में भव्य मंदिर का निर्माण हो।
इन सबके बीच शाह ने सुप्रीम कोर्ट के फैसले से पहले ये बात भी कह दी कि सर्वोच्च न्यायालय चाहे तो इस मामले में 10 दिन में फैसला ले सकती है। शाह ने साफ किया है कि पार्टी चाहती है कि मंदिर का निर्माण बिल्कुल उसी जगह पर होना चाहिए जहां पर राम लला विराजमान हैं।
रोज सुनवाई हुई तो 10 दिन में फैसला
राम मंदिर को लेकर अतिउत्साहित भाजपा अध्यक्ष ने ये भी कहा कि अगर सुप्रीम कोर्ट इस मामले में हर रोज सुनवाई करता है तो यह ऐसा मामला है जिसकी सुनवाई 10 दिन से ज्यादा नहीं चलेगी। शाह ने इस बात का भरोसा जताया है कि जल्द ही इस मामले में कोर्ट का फैसला आएगा।
सबरीमला आस्था का विषय
मंदिरों को लेकर अपने विचार रख रहे भाजपा अध्यक्ष शाह ने सबरीमला मामले पर खुलकर बात की। उन्होंने कहा कि केरल के सबरीमला मंदिर में लिंगभेद का विवाद नहीं है। बल्कि ये मामला आस्था से जुड़ा है। ऐसे कई विषय हैं जहां न्यायिक समीक्षा संभव नहीं है। इसे लोगों पर छोड़ देना चाहिेए। शाह ने कहा कि मुझे लगता है कि सबरीमला का विषय पूरी तरह लोगों पर छोड़ देना चाहिए। आपको बता दें कि 29 अक्टूबर को सुप्रीम कोर्ट ने राम मंदिर मसले की सुनवाई को अगले वर्ष जनवरी माह तक के लिए टाल दिया था।
Read the Latest India news hindi on Patrika.com. पढ़ें सबसे पहले India news पत्रिका डॉट कॉम पर.
Updated on:
20 Dec 2018 10:05 am
Published on:
20 Dec 2018 09:22 am

बड़ी खबरें
View Allराजनीति
ट्रेंडिंग
