
नई दिल्ली। जम्मू-कश्मीर में चल रही सियासी हलचल के बीच बीजेपी अध्यक्ष और अमित शाह तीन दिन के दौरे पर कश्मीर जाएंगे। शाह इस दौरान विधानसभा चुनावों की तैयारी को लेकर घाटी में पार्टी के कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे। यही नहीं जम्मू-कश्मीर के अलग-अलग जिलों के कार्यकर्ताओं की बैठक भी लेंगे।
अमित शाह का घाटी दौरा ऐसे समय में हो रहा है जब यहां पर हालात काफी तनावपूर्ण हैं। अमरनाथ यात्रा को रोकना, फिर पर्यटकों को लौटने की एडवाइजरी जारी करना और इसके बाद पाकिस्तान के घुसपैठियों को ढेर करने जैसी कार्रवाई के बीच शाह की घाटी में मौजूदगी काफी महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
घाटी में शाह का कार्यक्रम
संसद सत्र खत्म होने के बाद अमित शाह कश्मीर का रुख करेंगे। यहां वो तीन दिन बिताएंगे। घाटी में अपने तीन दिवसीय दौरे पर बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह सदस्यता अभियान के लिए कार्यकर्ताओं को ज्यादा से ज्यादा सदस्य बनाने के लिए प्रेरिरत करेंगे। इसके साथ ही वे चुनाव को लेकर पार्टी की तैयारी का जायजा भी लेंगे।
दो दिन जम्मू का दौरा
कश्मीर में तीन दिन बिताने के बाद इसी महीने के अंत में अमित शाह जम्मू का भी दौरा करेंगे। बताया जा रहा है कि ये दौरा दो दिन का होगा। यहां भी अमित शाह आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारियों का जायजा लेंगे। इस दौरान वे बूथ इंचार्ज की बैठक को संबोधित करेंगे।
दरअसल बीजेपी का केंद्रीय नेतृत्व कश्मीर घाटी में ज्यादा से ज्यादा विधानसभा सीटें जीतने के लिए रणनीति बना रहा है। यही वजह है कि बीजेपी ने अपने चाणक्य अमित शाह को एक बार फिर बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है।
आपको बता दें कि जम्मू-कश्मीर के केरन सेक्टर में भारतीय सेना ने पाकिस्तानी BAT (बॉर्डर एक्शन टीम) की घुसपैठ की कोशिशों को नाकाम कर दिया। आतंकी मुठभेड़ में भारतीय सेना ने 5-7 पाकिस्तानी सेना के कमांडो और आतंकी को मार गिराया है।
Published on:
4 Aug 2019, 12:20 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.