13 अप्रैल 2026,

सोमवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

अमित शाह के साथ पदाधिकारियों की चर्चा शुरू, शाम को होगी कार्यकारिणी की बैठक

आज से सवर्णों के विरोध के साये में होगी भारतीय जनता पार्टी की आखिरी राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक, शाह देंगे उद्घाटन भाषण।

3 min read
Google source verification
amit shah

भाजपा कार्यसमिति की बैठक शुरू, शाम को होगी कार्यकारिणी की बैठक

नई दिल्ली। दोबारा सत्ता पर काबिज होने के लिए भारतीय जनता पार्टी ने कमर कस ली है। फिर चाहे आगामी विधानसभा चुनाव हों या फिर 2019 में होने वाले लोकसभा चुनाव। हर कसौटी पर खरा उतरने के लिए भाजपा ने तैयारी शुरू कर दी है। इसी कड़ी में आज से दो दिन राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक आयोजित की जा रही है। इससे पहले सुबह 10 बजे अमित शाह ने पदाधिकारियों के साथ बैठक ली।

आपको बता दें कि अगले साल होने वाले लोकसभा चुनावों की रणनीति को लेकर चर्चा की जाएगी। पार्टी के नेता 2019 का रोडमैप तैयार करेंगे क्योंकि अगले साल होने वाले चुनावों से पहले ये कार्यकारिणी की अंतिम बैठक होगी। बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह और बीजेपी शासित सभी राज्यों के मुख्यमंत्री समेत सभी कार्यकारिणी सदस्य बैठक में मौजूद रहेंगे।

कांग्रेस का भाजपा पर पलटवार, राहुल गांधी को भगवान शिव ने कैलास मानसरोवर बुलाया

इन पांच मुद्दों पर रहेगा बैठक का फोकस

1. उपलब्धियों का प्रचार
भारतीय जनता पार्टी के लिए आगामी चुनाव को लेकर ये अंतिम राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक है। ऐसे में इस बैठक में अब तक की मोदी कार्यकाल की उपलब्धियों के प्रचार की रणनीति तय की जाएगी। ताकि घर-घर तक भाजपा सरकार के अच्छे कामों को पहुंचाया जा सके। हालांकि पार्टी का संपर्क फॉर अभियान अब भी चल रहा है, जिसके जरिये पार्टी देश की नामी हस्तियों से मिलकर पार्टी के कामों का प्रचार कर रही है।

2. रफाल समेत पांच राज्यों के चुनावी मुद्दे
बैठक में आगामी चुनाव पर मंथन के साथ रफाल सौदे पर विपक्ष के हमले और पेट्रोलियम पदार्थों की बढ़ती कीमतों पर चर्चा की जाएगी। मध्य प्रदेश, राजस्थान, छत्तीसगढ़ और मिज़ोरम के अलावा अब तेलेंगाना के भी चुनावों की तैयारियों पर चर्चा की जाएगी।

3. न्याय पर अपनी नीतियों का प्रचार
भारतीय जनता पार्टी का मानना है उनके कार्यकाल में न्याय संबंधी काम बेहतर हुए हैं। खासतौर पर सामाजिक न्याय को लेकर पार्टी ने पिछली सरकार से अच्छे काम किए हैं। अपने इन्हीं कामों को भाजपा जनता के बीच ले जाना चाहती है। यही वजह है कि इस बार कार्यकारिणी की बैठक दिल्ली में नए बने अंबेडकर इंटरनेशनल सेंटर पर बुलाई है।

4. एससी/एसटी ऐक्ट का बखान
बीजेपी एससी एसटी ऐक्ट में बदलाव और पिछड़े वर्ग आयोग को संवैधानिक दर्जा देने को अपनी बड़ी उपलब्धि के रूप में प्रचारित कर रही है। हालांकि देश के कई हिस्सों में सवर्णों की नाराजगी भी उसके लिए परेशानी का सबब है। बीजेपी के ये परंपरागत वोट बैंक हैं और इन्हें नाराज करने का जोखिम बीजेपी नहीं उठाना चाहेगी। यही वजह है कि इस ऐक्ट को लेकर भी राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में अहम चर्चा होगी।

5. एनआरसी पर चर्चा
असम में लागू किये जाने के बाद से ही नेशनल रजिस्टर ऑफ सिटिज़न्स (एनआरसी) को लागू करने को लेकर उठ रही मांग को लेकर भाजपा अपनी राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में चर्चा करेगी। चर्चा के जरिये तय किया जाएगा कि इस पर किस तरह से काम किया जाए।

मौसम की चेतावनीः देश के 20 से ज्यादा राज्यों में होगी भारी बारिश, इन बातों का रखें ध्यान

इसके अलावा राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में पिछली बैठक से अब तक की प्रमुख गतिविधियों और कार्यक्रमों की जानकारी और संगठनात्मक विषयों पर चर्चा होगी। राजनीतिक एवं आर्थिक प्रस्तावों पर भी चर्चा की जाएगी। यही नहीं आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा तय होगी। बैठक में सभी राज्यों के पार्टी अध्यक्ष अपनी काम का रिपोर्ट कार्ड पेश कर सकते हैं।

इन मुद्दों पर भी रहेगी नजर
इसके अलावा बैठक में सरकार की उपलब्धियों, खासकर बुनियादी ढांचे के विकास, दो करोड़ ग्रामीण आवास, उज्ज्वला गैस कनेक्शन, खुले में शौच मुक्त गांव, विद्युतीकरण और इस वित्तीय वर्ष की पहली तिमाही में जीडीपी में हुई बढ़ोतरी पर चर्चा होगी।

आपको बता दें कि राष्ट्रीय कार्यसमिति की बैठक शाम 4 बजे से शुरू होगी। जो अगले दिन शाम 5 बजे तक चलेगी। बैठक की अध्यक्षता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह करेंगे। उद्घाटन भाषण भी शाह देंगे जबकि समापन भाषण यानी रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भाषण देंगे।