
नई दिल्ली। कांग्रेस के 84वें महाधिवेशन का समापन सत्र उस वक्त ठहाकों से गूंज उठा जब अपने हंसी के पिटारे के साथ पूर्व क्रिकेटर नवजोत सिंह सिद्धू मंच पर पहुंचे। सिद्धू ने अपने ही अंदाज में कार्यकर्ताओं का मनोरंजन किया और कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी , पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी तथा पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह की तारीफ की। उन्होंने कहा कि डॉ सिंह ने मौन रहकर जो काम किया है शोर मचाने वाले वह सोच नहीं सकते।
'डॉ सिंह सरदार हैं और बेहद असरदार हैं'
सिद्धू ने कहा कि डॉ मनमोहन सिंह ने मौन रहकर जो काम किए वह शोर मचाकर और खुद का प्रचार कर नहीं किए जा सकते। उन्होंने कहा कि मैं आदर के साथ कहता हूं डॉ सिंह सरदार हैं और बेहद असरदार हैं। मौन वही रहते हैं जिनका काम बोलता है। उनके यह कहते ही पूरा स्टेडियम तालियों से गूंज उठा। ठहाकों से गूंज रहे सभागार में सबसे आगे की सीट पर बैठी सोनिया गांधी ने अपने बगल में बैठे डॉ मनमोहन सिंह से इस पर कुछ कहना चाहा लेकिन डॉ सिंह ने उनकी बात का जवाब हल्की मुस्कान के साथ दिया।
राहुल के नेतृत्व में वापसी करेगी कांग्रेस: सिद्धू
कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व में पार्टी की वापसी की उम्मीद व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि उनका संकल्प है कि जब तक राहुल गांधी को लालकिला पर तिरंगा फहराते नहीं देखेंगे वह चुप नहीं बैठेंगे। उन्होंने कहा कि यह मेरा प्रण है और यही मेरी सौगंध है। उन्होंने कहा कि राहुल भाई आप कार्यकर्ताओं को समेट लो, अगले साल लालकिले पर तिरंगा आप ही फहराएंगे।
सोनिया मेरी मां जैसी: सिद्धू
पूर्व क्रिकेटर ने सोनियां गांधी की तुलना अपनी मां से की और कहा कि उनके नेतृत्व में कांग्रेस ने असाधारण मजबूती और ऊंचाई हासिल की है। उन्होंने प्रियंका गांधी वाड्रा की भी तारीफ की और कहा कि उनसे मिलने के बाद उन्हें भरोसा हो गया था कि कांग्रेस देश का भविष्य तय करती रहेगी। कार्यकर्ताओं को पार्टी की सबसे बड़ी ताकत बताते हुए उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता ही पार्टी के ब्रांड हैं और वही कांग्रेस की आन बान शान हैं।
Published on:
18 Mar 2018 05:07 pm

बड़ी खबरें
View Allराजनीति
ट्रेंडिंग
