छोटीसादड़ी. प्रभावी राजस्व वसूली एवं राज सरकार द्वारा मुख्यमंत्री किसान मित्र योजना का लाभ कृषि उपभोक्ताओं को दिलवाए जाने को लेकर अजमेर डिस्कॉम के अधीक्षण अभियन्ता इंद्रराज मीणा ने गोमाना चौराहा स्थित 33 व 11 केवी जीएसएस पर विद्युत विभाग के सभी फीडर इंचार्ज एवं कर्मचारियों की बैठक ली। छोटीसादड़ी कार्यालय के कार्यक्षेत्र अंतर्गत विद्युत बिलों की बकाया राशि लगभग 315 करोड़ से अधिक है।
जो अन्य उपखण्डों के मुकाबले बहुत ज्यादा होने से सघन राजस्व वसूली को लेकर बैठक में अधीक्षण अभियंता इंद्रराज मीणा ने सभी किसानों के बिलो की संपूर्ण बकाया जमा करवाने की समझाईश के लिए निर्देश दिए। साथ ही पुरानी बकाया एवं विच्छेदित कनेक्शनों की बकाया के साथ विद्युत चोरी अथवा वीसीआर की बकाया राशि को एमेनेस्टी स्कीम तहत जमा करवाने के लिए व्यक्तिगत रूप से बकायादारों से संपर्क करने के लिए कहा। साथ ही बकाया राशि का निस्तारण करने के निर्देश दिए। एमेनेस्टी स्कीम एवं मुख्यमंत्री किसान मित्र योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आम उपभोक्ता से तो अपेक्षा है कि इस वित्तिय वर्ष के पूरे होने से पूर्व के लगभग सभी बकायादार बिल जमा करवाकर मुख्यमंत्री किसान मित्र योजना एवं एमेनेस्टी स्कीम का लाभ लेवें। साथ ही इस बात को खेद का विषय बताया कि राजकीय विभागों द्वारा और खासकर नगर पालिका छोटीसादड़ी द्वारा निरंतर बकाया रखने से बहुत भारी मात्रा में बकाया राशि हो गई है। कनेक्शन विच्छेद करने की कार्यवाही किये जाना तय है। इससे आम जनता पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। यदि राजकीय विभाग 31 दिसंबर 2023 से पूर्व सम्पूर्ण बकाया जमा करवाते है, तो वर्तमान में छूट योजना का लाभ भी प्राप्त कर सकते है। बैठक में सहायक अभियन्ता प्रवीण शर्मा, कनिष्ठ अभियन्ता रवीशंकर, नितिष रोत एवं विनोद गरासिया सहित कर्मचारी मौजूद थे।
यह है छोटीसादड़ी में बकाया की स्थिति
अधीक्षण अभियंता ने बताया कि यहां काफी राशि बकाया चल रही है। जिसमें सरकारी विभागों की अधिक है। सहायक अभियन्ता लोक सेवा अभियान्त्रीकी विभाग पेयजल योजना के कनेक्शनद्ध के 3 लाख 70 हजार 795 रुपए, पुलिस विभाग के 3 लाख 89 हजार 804, स्वास्थ्य विभाग के 2 लाख 71 हजार 767, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका के 29 लाख 62 हजार 477 और पब्लिक स्ट्रीट लाइट नगर पालिका के 1 करोड़ 60 लाख 79 हजार 635 बकाया है। जबकि बकाया राशि में ऐमेन्स्टी योजना में छूट की राशि 41 लाख 75 हजार 819 रुपए है। इस प्रकार 2 करोड़ 74 हजार 478 रुपए केवल राजकीय प्रतिष्ठानों पर ही बकाया है।