प्रतापगढ़. इस्लाम धर्म के संस्थापक पैगंबर हजरत मोहम्मद सअव की यौमें पैदाइश पर रविवार को ईद मिलाद का पर्व मनाया गया। इस मौके पर शहर समेत कस्बों में जुलसू निकाले गए। इस मौके पर अंजुमन फुरकानिया कमेटी के नेतृत्व में ईद मिलाद का जलसा बावड़ी मोहल्ला स्थित मोहम्मदिया रोड से निकाला गया। जुलूस में अंजुमन फुरकानिया कमेटी के सदर खानशेद खान एवं पदाधिकारी और मस्जिद के इमाम धर्मगुरु मौलाना एवं हाफिज आदि मौजूद रहे। जुलूस में डीजे पर नातिया कलाम की धुन पर युवा झूमते हुए मरहबा या मुस्तफा की सदाएं बुलंद करते चल रहे थे। जुलूस बारी दरवाजा, सालमपुरा, गांछा गली, सदर बाजार, गांधी चौराहा होते हुए पीर बाग पहुंचा। इस दौरान मार्ग में विभिन्न सामाजिक संगठनों एवं गांधी चौराहे पर नगर परिषद की ओर से सभापति, उपसभापति, परिषद कर्मचारियों की और से धर्मगुरुओं का माल्यार्पण कर स्वागत किया गया। इसके साथ ही विधायक रामलाल मीणा और कांग्रेस की ओर से भी स्वागत किया गया। जुलूस के मार्ग में जगह-जगह सबीले सजाई गई। जिन पर कई प्रकार की खाद्य वस्तुएं वितरित की गई। जुलूस का पीरबाग पहुंचने पर सागर वेलफेयर सोसायटी की ओर से दस्तारबंदी की गई। पीर बाग में समापन से पूर्व तकरीर में मौलाऔ ने तकरीर का आयोजन किया गया। जश्ने ईद मिलादुन्नबी के मौके पर शहर के विभिन्न इलाकों से जलसे निकाले गए। जो बावड़ी मोहल्ले पर एक बड़े जलसे में तब्दील हो गया।
असावता. क्षेत्र समेत आसपास के गांवों में जश्ने ईद मिलादुन्नबी का पर्व शांतिपूर्ण ढंग से मनाया गया। अकीदतमंदों ने घरों और मोहल्लों में त्योहार की रस्म अदायगी की। नन्हे.मुन्ने बच्चों ने प्रतीकात्मक जुलूस निकालकर हजरत मोहम्मद साहब के जन्म दिवस का जश्न मनाया। हथुनिया थाना क्षेत्र के राजपुरिया, घोठारसी, हथुनिया, बगलिया सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में मुस्लिम बाहुल्य क्षेत्र में मस्जिदों और धार्मिक स्थलों को रंग.बिरंगे झालर व पताकों से सजाया गया।
छोटीसादड़ी. शहर सहित अंचलों में रविवार को ईद मिलादुन्नबी का पर्व मनाया गया। शहर के दोनों मस्जिदों की ओर से ईद का जुलूस धूमधाम से निकला। जुलूस के दौरान मुस्लिम समुदाय के लोग बैंड के साजिंदों के साथ मिलकर हुजूर की शान में झूम झूम कर नातिया कलाम पढ़ रहे थे। जश्ने ईद मिलादुन्नबी पर जुलूस शहर के अंदर स्थित जामा मस्जिद से शुरू किया गया। जो सुबह 8.30 बजे बैंड बाजों, बग्गी के साथ अंदरूनी जामा मस्जिद से पाटीदार चौक, प्रताप चौक, कलाली मोहल्ला, बड़ीसादड़ी दरवाजा पंहुचा। जहां से बाहरी मस्जिद से भी समाज और युवा व बग्गी में सवार जामा मस्जिद पेश इमाम हाफिज मोहम्मद अली अंदरूनी शहर मस्जिद के मौलाना मोहम्मद यूनुस, समाज के उम्रदराज हाजी अली अजीज खान पठान हाजी बशीरुद्दीन मंसूरी को सवार कर नबी के जयकारों के साथ जुलूस पठान चौक पंहुचा। पठान चौक में जुलूस में सम्मिलित लोगों और बच्चों पर पुष्प वर्षा की गई। धोलापानी दरवाजा होते हुए सेठजी की हवेली, हलवाई गली, चारभुजाजी चौक, अंदरूनी मस्जिद की ओर होते हुए गांधी चौराहा पहुंचा। जहां नगर पालिका अध्यक्षा फातेमा मुस्तफा बोहरा, उपाध्यक्ष सीमा, मनीष उपाध्याय नगर कांग्रेस अध्यक्ष ओमप्रकाश शर्मा, गोपाललाल शर्मा पार्षदों समाजसेवी मुस्तफा बोहरा सहित पार्षदों ने पुष्प वर्षा कर स्वागत किया गया। मुराद अली बाबा की दरगाह पर चादर और सलातों सलाम पेश किया।